दो सगे-भाइयों के बाद तीसरे किशोर का शव भी मिला:बांदा की बागै नदी में 24 घंटे चला रेस्क्यू, SDRF ने बाहर निकाला
बांदा के कालिंजर थाना क्षेत्र के नौगवां गांव में बागै नदी में डूबे तीनों किशोरों के शव बरामद कर लिए गए हैं। रविवार को नदी में नहाते समय दो सगे भाई और उनका मौसेरा भाई तेज बहाव में बह गए थे। ग्रामीणों-गोताखोरों ने रविवार को ही दोनों सगे भाइयों के शव बरामद कर लिए थे, जबकि तीसरे किशोर की तलाश जारी थी। सोमवार दोपहर करीब दो बजे मौसेरे भाई आशु (16) पिता सुशील त्रिपाठी का शव भी नदी से बरामद कर लिया गया। इसके साथ ही करीब 24 घंटे से चल रहा सर्च ऑपरेशन खत्म हो गया। मौसेरे भाई से मिलने आया था आशु नौगवां गांव निवासी अटल बिहारी के बेटे ऋषभ (20) और अंश (16) रविवार को अपने मौसेरे भाई आशु (16) के साथ गांव के बाहर बागै नदी के सीमन घाट पहुंचे थे। ऋषभ लखनऊ में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। वह दीपावली मनाने के लिए रविवार सुबह ही गांव आया था। अंश इंटर का छात्र था, जबकि आशु भी कक्षा 12 में पढ़ता था। ऋषभ के गांव आने की जानकारी मिलने पर आशु उससे मिलने पहुंचा था। 2 घंटे तक नदी किनारे खेलने के बाद उतरे थे पानी में प्रत्यक्षदर्शी चरवाहों के अनुसार, तीनों किशोर करीब दो घंटे तक नदी किनारे मौरंग में खेलते रहे। इसके बाद दोपहर करीब तीन बजे नहाने के लिए नदी में उतर गए। तीनों को ठीक से तैरना नहीं आता था। ऐसे में वे नदी के तेज बहाव में बह गए। करीब एक घंटे तक जब वे बाहर नहीं निकले तो चरवाहों ने पास के मंदिर के पुजारी को इसकी जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने नदी में उनकी तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद सबसे पहले ऋषभ का शव मिला। करीब 20 मिनट बाद लगभग 100 मीटर की दूरी पर अंश का शव भी बरामद कर लिया गया। परिजन दोनों को नरैनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, आशु का पता नहीं चलने पर ग्रामीण और गोताखोर रविवार से ही उसकी तलाश में जुटे थे। 10 गोताखोरों ने नाव से एक किलोमीटर तक की तलाश तीसरे किशोर आशु की तलाश के लिए 10 गोताखोर लगाए गए थे। नाव के जरिए नदी में करीब एक किलोमीटर तक खोजबीन की गई। अलग-अलग स्थानों पर जाल भी डाले गए। एसडीआरएफ की टीम को भी सूचना दी गई थी। सोमवार दोपहर करीब दो बजे आशु का शव बरामद होने के बाद परिजनों को इसकी जानकारी दी गई। ऋषभ और अंश के पिता अटल बिहारी पुरोहित का काम करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। वह दिल्ली समेत दूसरे प्रदेशों में पूजा-पाठ कराने जाते हैं। इसी कमाई से दोनों बेटों की पढ़ाई करा रहे थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)