देश

“मेरे बारे में फैसला सोनिया गांधी ही लेती हैं”, जानें क्यों कर्नाटक CM बहस के बीच खरगे ने कही ये बात

कर्नाटक की राजनीति में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चल रही अटकलों के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने साफ कहा कि राज्य में फिलहाल मुख्यमंत्री पद पर कोई बदलाव नहीं हो रहा है, हालांकि नेतृत्व का मुद्दा जल्द सुलझा लिया जाएगा.

चुनाव नतीजों के बाद फैसले की चर्चा तेज
खरगे का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब सत्तारूढ़ कांग्रेस और राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि 4 मई को चार राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश के विधानसभा चुनावों के नतीजे आने के बाद कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन और कैबिनेट फेरबदल पर फैसला लिया जा सकता है.

डीके शिवकुमार और सिद्धरमैया के बीच सत्ता साझा करने की चर्चा
इधर, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के समर्थक लगातार यह दावा कर रहे हैं कि 2023 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद यह सहमति बनी थी कि पांच साल के कार्यकाल में सिद्धरमैया और शिवकुमार बारी-बारी से मुख्यमंत्री पद संभालेंगे. इस चर्चा ने पार्टी के अंदर हलचल और तेज कर दी है.

खरगे को सीएम बनाने की मांग भी उठी
इस बीच कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने बुधवार को कहा कि अगर वरिष्ठ और अनुभवी नेता मल्लिकार्जुन खरगे मुख्यमंत्री बनते हैं, तो पार्टी के सभी नेता इसका स्वागत करेंगे. इस बयान ने राजनीतिक अटकलों को और हवा दे दी.

खरगे का जवाब- ‘फिलहाल सवाल ही नहीं’
परमेश्वर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए खरगे ने कहा, ‘मीडिया और कुछ लोग कहते हैं कि अगर मैं मुख्यमंत्री बन जाऊं तो बेहतर होगा. लेकिन भाग्य से ज्यादा मेरी विचारधारा और पार्टी के लिए मेरी सेवा के आधार पर सोनिया गांधी ही मेरे बारे में निर्णय लेती हैं.’ उन्होंने आगे कहा, ‘अभी यह सवाल ही नहीं उठता, क्योंकि राज्य में पहले से ही एक मुख्यमंत्री हैं. अगर सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मैं मिलकर कोई फैसला लेते हैं, तो उसमें समय लगेगा. फिलहाल इंतजार करना होगा.’

आधा कार्यकाल पूरा होने के साथ बढ़ी खींचतान
कर्नाटक की कांग्रेस सरकार 20 नवंबर 2025 को अपने पांच साल के कार्यकाल का आधा समय पूरा कर चुकी है. इसके बाद से ही मुख्यमंत्री बदलने की अटकलें तेज हो गई हैं और पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर खींचतान बढ़ती जा रही है.

विधायकों के दिल्ली जाने की चर्चा
वहीं जनता दल (एस) के नेता और केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने दावा किया है कि कांग्रेस में जारी खींचतान के बीच करीब 40 विधायक अगले महीने दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे हैं. इस पर खरगे ने कहा, ‘मुझे इसकी जानकारी नहीं है, आप उनसे ही पूछिए.’

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!