West Bengal Exit Poll 2026 Live: एग्जिट पोल के नतीजों से पहले अभिषेक बनर्जी का बड़ा दावा, कहा- TMC 2021 से भी ज्यादा सीटें जीतेगी

West Bengal Exit Poll 2026 Live: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के एग्जिट पोल के नतीजे शाम 6:30 बजे जारी होंगे. यानी कुछ घंटों बाद तस्वीर लगभग साफ हो जाएगी कि इस बार राज्य में किसकी सरकार बनने की संभावना है. हालांकि, यह एग्जिट पोल महज एक अनुमान होता है. असली नतीजे 4 मई को वोटों की गिनती के बाद ही साफ होंगे. इस बार पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान कराया गया था. पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को हुआ था, जिसमें 152 सीटों पर वोट डाले गए. इस चरण में रिकॉर्ड 93.2 फीसदी मतदान हुआ, जो लोगों की भारी भागीदारी को दिखाता है. इसके बाद दूसरे चरण का मतदान आज यानी 29 अप्रैल 2026 को जारी है.
Exit Poll सिर्फ अनुमान, फाइनल नतीजे नहीं होते
Exit Poll सिर्फ अनुमान होते हैं, असली नतीजे नहीं. कई बार ये अनुमान सही निकलते हैं और कई बार गलत भी हो जाते हैं, इसलिए अंतिम और असली परिणाम 4 मई को मतगणना के दिन ही साफ होंगे. इस तरह Exit Poll लोगों को चुनाव के बाद एक शुरुआती तस्वीर जरूर देते हैं, लेकिन असली फैसला मतगणना के बाद ही सामने आता है.
कुल 294 विधानसभा सीटों के एग्जिट पोल होंगे जारी
अगर सीटों की बात करें तो पश्चिम बंगाल में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं. किसी भी पार्टी को सरकार बनाने के लिए कम से कम 148 सीटों की जरूरत होती है.
2021 विधानसभा चुनाव में क्या रहे थे नतीजे
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2021 में कुल 294 सीटों पर मतदान हुआ था. इस चुनाव में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने शानदार जीत हासिल की थी. पार्टी ने 213 सीटें जीतकर लगातार तीसरी बार सरकार बनाई और राज्य की राजनीति में अपनी मजबूत पकड़ दिखा दी. वहीं भारतीय जनता पार्टी (BJP) इस चुनाव में मुख्य विपक्षी दल बनकर उभरी. बीजेपी ने 77 सीटों पर जीत दर्ज की, जो उसके लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी गई.



