Assembly Election 2026 Live: TMC नेता का बड़ा बयान, बंगाल चुनाव में कितनी सीटें जीतेगी ममता बनर्जी की पार्टी, कर दी भविष्यवाणी

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए पहले चरण की वोटिंग हो गई है. अब दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को मतदान होगा. दूसरे चरण में 8 जिलों की 142 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी. 4 मई को पश्चिम बंगाल समेत, केरल, कर्नाटक, असम और पुडुचेरी के नतीजे आएंगे. इस बीच राजनेताओं द्वारा जीत का दावा और आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है.
अमित शाह ने कहा- बीजेपी बनाएगी सरकार
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को बारासात में एक चुनावी रैली की, जहां उन्होंने बातचीत करते हुए राज्य में भाजपा सरकार बनने का भरोसा जताया. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “पश्चिम बंगाल के हर क्षेत्र में ममता सरकार पूरी तरह विफल रही. लोगों के अंदर ममता सरकार के खिलाफ भयंकर गुस्सा है. जनता को आशा है कि सारी अर्थव्यवस्थाएं और समस्याएं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ही ठीक कर सकती है.” पहले चरण में अमित शाह ने 152 सीटों में से भाजपा के 110 से अधिक सीटें जीतने का दावा किया था. उन्होंने दूसरे चरण पर कहा, “अभी कुछ कहा नहीं जा सकता, लेकिन हम पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने जा रहे हैं.” उन्होंने रैली में उमड़ी भारी भीड़ की ओर इशारा करते हुए कहा कि यह भीड़ देखकर साफ पता चलता है कि यह ममता का गढ़ है या नहीं.
अमित शाह कैसी भाषा का इस्तेमाल कर रहे- ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के पहले राजनीतिक सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है. इस बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार (25 अप्रैल, 2026) को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के टीएमसी कार्यकर्ताओं को उल्टा लटका देने वाली धमकी को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कैसी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं. चुनाव के बाद लोगों को उल्टा लटकाने की बात कहना पूरी तरह से अस्वीकार्य है. उन्होंने कहा कि वह अमित शाह के हिंसक टिप्णपियों के लिए उनके खिलाफ कानूनी मामला दायर करने जा रही हैं.
बंगाल की जनता ने ममता बनर्जी को सबक सिखाने का मन बना लिया है- जेपी नड्डा
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में रोडशो के दौरान केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि आप जो उत्साह और जोश देख रहे हैं, मैं कई जगहों का दौरा कर रहा हूं, और लोग ऊर्जा से भरे हुए हैं. पश्चिम बंगाल की जनता ने ममता बनर्जी को सबक सिखाने का मन बना लिया है. उन्होंने कहा कि यहां की जनता तोलाबाजी, कटमनी, सिंडिकेट और टीएमसी के गुंडे, बालू माफिया, कोल माफिया और महिला उत्पीड़न के खिलाफ मतदान करने के लिए तैयार है. जनता ने मन बना लिया है कि भाजपा की सरकार को लाना है और ममता दीदी को घर बैठाना है. उन्होंने कहा कि हम तो पहले चरण में अच्छी तरह से जीत रहे हैं. दूसरे चरण में भी लोग निडर होकर मतदान करने के लिए तैयार हैं। मैं जनता से अपील करता हूं कि निडर होकर मतदान करें.
चुनाव आयोग सख्त, बंगाल में कच्चे बम बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आदेश
चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के दूसरे चरण की वोटिंग से पहले राज्यभर में कच्चे बम बनाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं. आयोग ने रविवार को दूसरे चरण की ड्यूटी में तैनात केंद्रीय बलों को यह कार्रवाई करने को कहा. आयोग ने केंद्रीय बलों को यह भी निर्देश दिया है कि वे बम निष्क्रिय करने की कार्रवाई तुरंत तेज करें और यह सुनिश्चित करें कि मतदान के दिन कहीं भी बम धमाका न हो.
चुनाव आयोग की ओर से यह निर्देश ऐसे समय में आया है, जब रविवार को ही राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के विजयगंज बाजार विस्फोट मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है. चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल पुलिस को भी कच्चे बम बनाने वालों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा है.



