Azamgarh News: अजमतगढ़ के स्कूल में अनियमितता उजागर, हेडमास्टर पर गिरी गाज,पढ़ाई की जगह सफाई कर रहे थे बच्चे, शिकायत पर प्रशासन सख्त


आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय:
अजमतगढ़ के स्कूल में अनियमितता उजागर, हेडमास्टर पर गिरी गाज,पढ़ाई की जगह सफाई कर रहे थे बच्चे, शिकायत पर प्रशासन सख्त
आजमगढ़ जिले के अजमतगढ़ क्षेत्र स्थित पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय (प्रथम) में छात्रों से पढ़ाई के बजाय सफाई और निजी कार्य कराए जाने के मामले में प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक ने प्रधानाध्यापक अवधेश यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।यह मामला 10 अप्रैल 2026 को एक दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर और वायरल वीडियो के माध्यम से सामने आया। इसमें दिखाया गया कि विद्यालय में छात्र-छात्राओं से नियमित रूप से गैर-शैक्षणिक कार्य जैसे सफाई, निजी काम और सामान ढुलवाया जा रहा था। इसके अलावा, मध्यान्ह भोजन को विद्यालय के बाहर चूल्हे पर बनाए जाने और उससे जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं की भी शिकायत मिली।मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएसए कार्यालय ने 13 अप्रैल को प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा, लेकिन उनका उत्तर संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई। जारी आदेश में कहा गया है कि यह कृत्य बाल अधिकार शिक्षा अधिनियम 2009 के प्रावधानों का उल्लंघन है और शिक्षक पद की गरिमा के विपरीत है। निलंबन अवधि के दौरान संबंधित प्रधानाध्यापक को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। साथ ही, उन्हें खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, अजमतगढ़ से संबद्ध किया गया है।इस मामले की जांच खंड शिक्षा अधिकारी हरैया को सौंपी गई है और उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि आरोप पत्र तैयार कर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करें।



