आजमगढ़ में छात्रवृत्ति से वंचित छात्रों के लिए बड़ी राहत


छात्रवृत्ति योजना में जनपद आजमगढ़ के छात्र/छात्राओं को राहत, तकनीकी कारणों से वंचित छात्रों को मिलेगा दुबारा मौका, जल्द खुलेगा, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरूण का निर्देश, सभी पात्र को मिलेगा छात्रवृत्ति का लाभ
आजमगढ़ 13 अप्रैल 2026: जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी ने बताया है कि जनपद आजमगढ़ अप्रैल 2026 शैक्षिक सत्र 2025-26 के अन्तर्गत छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना से किसी भी कारणवश वंचित रह गये छात्र/छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। समाज कल्याण विभाग द्वारा जल्द ही पोर्टल खोला जायेगा, जिससे छूटे हुए पात्र छात्र/छात्राओं को योजना का लाभ मिल सके। समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मा० असीम अरूण के निर्देशानुसार यह निर्णय लिया गया है। उन्होने आश्वस्त किया है कि किसी भी योग्य छात्र को केवल तकनीकी या अन्य कारणों से छात्रवृत्ति से वंचित नहीं रहना पड़ेगा। दोबारा पोर्टल खोलकर सभी पात्र छात्रों को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे उनके खातों में उपलब्ध करायी जाय, जिससे उनकी पढ़ायी जारी रह सके।
तकनीकी समस्या होगी दूर, प्रक्रिया होगी पूरी
समाज कल्याण विभाग द्वारा अवगत कराया गया है कि तकनीकी कारणों से नेशनल इर्फामेटिक सेण्टर (एन०आई०सी०) द्वारा मास्टर फीस प्रोसेस नहीं हो सकी थी, इसके चलते कई छात्र/छात्राओं की छात्रवृत्ति प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई। विभाग ने बताया कि इस समस्या का समाधान किया जा रहा है और जल्द ही पोर्टल दोबारा खोलकर छात्रवृत्ति खाते मे दी जायेगी।जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि पिछले वर्ष 1908 से अधिक छात्रों को दोबारा खुले पोर्टल का लाभ मिला था। वित्तीय वर्ष 2024-25 में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं के तहत विभाग द्वारा पोर्टल खोला गया था, इसके माध्यम से 1908 छात्रों को कुल रू0 327.80 लाख की धनराशि प्रदान की गयी थी, इन योजनाओं के तहत अनुसूचित जाति के 1241 छात्रों को 193.28 लाख रूपये, सामान्य वर्ग के 667 छात्रों को 134.53 लाख रूपये की सहायता प्रदान की गयी।



