आजमगढ़

Azamgarh News: मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला का सीएमओ ने किया औचक निरीक्षण, 1973 मरीजों का हुआ उपचार

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला का सीएमओ ने किया औचक निरीक्षण, 1973 मरीजों का हुआ उपचार

आजमगढ़ जनपद में आयोजित रविवार मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला के अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनकट एवं कोईनहाँ का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी व्यवस्था, दवा वितरण, जांच सुविधाओं तथा मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सेवाओं का गहन अवलोकन किया। सीएमओ ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि मेले में आने वाले प्रत्येक मरीज को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराया जाए।
डॉ. वर्मा ने मरीजों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और संतोष जताते हुए साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता तथा सेवाओं को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोईनहाँ की उत्कृष्ट व्यवस्था की सराहना करते हुए अधीक्षक तहबरपुर डॉ. सुशील अग्रहरि व उनकी टीम को बधाई दी।
सीएमओ के अनुसार, जनपद में कुल 77 आरोग्य मेले आयोजित हुए, जिनमें 1973 मरीजों का पंजीकरण एवं उपचार किया गया। इनमें 870 पुरुष, 850 महिलाएं और 253 बच्चे शामिल रहे। मेले के सफल संचालन के लिए 74 चिकित्सक एवं 285 पैरामेडिकल स्टाफ तैनात रहे।
मेले में गैस्ट्रो, डायबिटीज, त्वचा, श्वसन और हाइपरटेंशन समेत विभिन्न बीमारियों के मरीजों का इलाज किया गया। साथ ही 115 कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया।
इस दौरान 34 आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए गए, जबकि 19 मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों के लिए रेफर किया गया।
सीएमओ ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला शासन की प्राथमिकता वाला कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रभारी चिकित्साधिकारी व स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!