पंजाब के सामने धरे रह गए SRH के ‘धुरंधर’, आसानी से चेज कर दिए 220, श्रेयस अय्यर ने लूटी महफिल

Punjab Kings vs Sunrisers Hyderabad Highlights: पंजाब किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से हरा दिया है. न्यू चंडीगढ़ में खेले गए इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 219 रन बनाए थे. जवाब में पंजाब ने 7 गेंद शेष रहते जीत दर्ज कर ली. IPL 2026 में यह पंजाब की 4 मैचों में तीसरी जीत है. श्रेयस अय्यर ने कप्तानी पारी खेलते हुए 33 गेंद में 69 रन बनाए.
SRH के धुरंधर धराशाई
सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 219 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था. अभिषेक शर्मा ने कहर बरपाते हुए 28 गेंदों में 74 रनों की पारी खेली थी. वहीं ट्रेविस हेड ने 38 रन बनाए.
हैदराबाद जब 220 रनों के टारगेट को डिफेंड करने आई तो दूसरी तरफ पंजाब किंग्स के लिए प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह SRH के गेंदबाजों पर कहर बनकर टूटे. एक तरफ प्रियांश ने 20 गेंदों में 57 रनों की विस्फोटक पारी खेली, दूसरी ओर प्रभसिमरन ने 25 गेंद में 21 रन बनाए. दोनों ने मिलकर पावरप्ले में भी 93 रन बना डाले थे. पावरप्ले के बाद हैदराबाद के गेंदबाजों ने वापसी की, क्योंकि अगले 4 ओवरों में पंजाब की टीम 31 रन बना पाई और दोनों सलामी बल्लेबाजों का विकेट खो दिया था.
श्रेयस अय्यर ने लूटी महफिल
एक समय 10.2 ओवर में पंजाब किंग्स का स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 128 रन था. उसे अब भी जीत के लिए 58 गेंदों में 92 रन बनाने थे. यह स्कोर आसानी से चेज किया जा सकता था, लेकिन लगातार अंतराल में 3 विकेट गिर गए थे और रन रेट भी धीमा पड़ने लगा था.
ऐसे में कप्तान श्रेयस अय्यर ने जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली और 24 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कार लिया. अय्यर 33 गेंद में 69 रन बनाकर नाबाद लौटे. दूसरे छोर पर नेहल वाढेरा ने 14 रन और शशांक सिंह ने 9 गेंद में 16 रन की कैमियो पारी खेली. यह पंजाब किंग्स की 4 मैचों में तीसरी जीत है, उसका एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था. IPL 2025 की फाइनलिस्ट टीम ने 2026 सीजन की भी जबरदस्त शुरुआत की है.



