Explained: कढ़ाई पनीर और मंचूरियन खाने के बाद युवक की मौत! एक्सपर्ट्स से जानें- गर्मियों में कैसे पकाएं और खाएं खाना

बिहार के भभुआ में 20 साल का विशाल रात करीब 10:30 बजे अपने भाई और दोस्तों के साथ रेस्टोरेंट पहुंचा. वहां से मंचूरिन और कढ़ाई पनीर पैक करवाया और फिर खा-पीकर खत्म कर दिया. थोड़ी देर बाद उसे उल्टी शुरू हो गई. हालत बिगड़ने पर सुबह 4:30 बजे भभुआ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिवार वालों से पता चला कि उसके जनेऊ की तैयारी चल रही थी, लेकिन एक रात में सब कुछ बदल गया. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट तो अभी आई नहीं, लेकिन डॉक्टरों ने वजह बताई- गर्मियों में गलत खाने की आदत. कहीं आप भी तो इस आदत के गुलाम नहीं? एक्सप्लेनर में समझते हैं…
सवाल 1: गर्मियों में गलत खाने की आदत का चक्कर क्या है?
जवाब: गर्मी और नमी में सैल्मोनेला, ई.कोलाई और लिस्टेरिया जैसे बैक्टीरिया बहुत तेजी से बढ़ते हैं. 4°C से 60°C के बीच का तापमान इनके लिए ‘डेंजर जोन’ है. बाहर का खाना, रेस्टोरेंट का पैकेज्ड फूड या घर पर बचा हुआ खाना, 2 घंटे से ज्यादा बाहर रखा जाए तो बैक्टीरिया खाने को जहर बना देते हैं. रेस्टोरेंट में पानी, सब्जियां या पनीर गंदा हो तो एक ही प्लेट से पूरा परिवार बीमार हो सकता है, फिर होती है फूड पॉइजनिंग. वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (WHO) के मुताबिक, गर्मियों में खाने की सेफ्टी पर खास ध्यान न दिया जाए तो हल्की बीमारी और मौत तक हो सकती है.

सवाल 2: मंचूरियन और कढ़ाई पनीर जैसे डिशेज में खतरा क्यों ज्यादा होता है?
जवाब: मंचूरियन में गोभी, गाजर जैसी सब्जियां होती हैं जो कीड़े-मकोड़ों की वजह से आसानी से दूषित हो जाती हैं. सोया सॉस, विनेगर, चिली सॉस या कॉर्नफ्लोर अगर एक्सपायर हो चुके हों या पुराने हों तो जहर बन जाते हैं. कढ़ाई पनीर में पनीर अक्सर मिलावटी मिलता है और मलाई-क्रीम के खराब होने पर समस्या बढ़ जाती है. दोनों डिशेज में तेल, मसाले और ग्रेवी होती है, जो गर्मी में जल्दी खराब हो जाते हैं. अगर खाना अच्छे से नहीं पका या ठंडा करके रखा जाए तो बैक्टीरिया बढ़ने लगते हैं. इसके साथ बढ़ जाता है खतरा.
सवाल 3: तो फिर घर पर खाना बनाते समय क्या-क्या सावधानी बरतें?
जवाब: HealthyChildren.org की रिपोर्ट के मुताबिक:
- सब्जियां और सामान साफ करें: मंचूरियन के लिए गोभी-कद्दूकस करके अच्छी तरह धोएं और कीड़े-मकोड़े चेक करें. पनीर की प्यूरिटी चेक करें, क्योंकि बाजार में मिलावटी पनीर बहुत आम है.
- रसोई साफ रखें: चॉपिंग बोर्ड, चाकू, बर्तन हर बार गर्म पानी और साबुन से धोएं. कच्चा और पका खाना अलग रखें.
- अच्छे से पकाएं: मंचूरियन बॉल्स या पनीर को अच्छे से फ्राई करें, बीच में कच्चा न छोड़ें. तेल न ज्यादा गर्म हो, न कम.
- सॉस और मसाले चेक करें: सोया सॉस, विनेगर, चिली सॉस का एक्सपायरी डेट देखें. कढ़ाई पनीर में मलाई-क्रीम भी चेक करें.
- बचा हुआ खाना सही से स्टोर करें: बचा खाना साफ डिब्बे में फ्रिज में रखें. दोबारा गर्म करते समय माइक्रोवेव-सेफ बर्तन में डालें. पैकेट में न गर्म करें. अगर बदबू या स्वाद खराब लगे तो फेंक दें.
ये सावधानियां सिर्फ मंचूरिय या कढ़ाई पनीर के लिए नहीं, बल्कि हर तरह के खाने के लिए बरतें.

सवाल 4: बाहर से मंगवाए या पैकेटेड खाने के समय क्या सावधानियां बरतें?
जवाब: संप्रदा मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल की रिपोर्ट के मुताबिक,
- पैकेटिंग चेक करें, सील टूटी हुई न हो और लीकेज न हो.
- खाने की खुशबू और दिखावट देखें. कुछ भी संदिग्ध लगे तो मत खाएं.
- खाना ठंडा हो गया हो तो उसे अलग बर्तन में डालकर अच्छे से गर्म करें (165°F या 74°C तक).
- खाना आने के 30-40 मिनट के अंदर खा लें. ज्यादा देर बाहर न रखें.
- गर्मियों में कभी भी खाना 2 घंटे से ज्यादा कमरे के तापमान पर न छोड़ें.
सवाल 5: एक छोटी सी भूल कितनी भारी पड़ सकती है?
जवाब: WHO की रिपोर्ट के मुताबिक, गर्मियों में एक गलत प्लेट खाने से पूरा परिवार अस्पताल पहुंच सकता है. घर पर बनाएं तो बेहतर, लेकिन बाहर का खाना भी सावधानी से खाएं. फ्रिज का इस्तेमाल सही करें, तापमान चेक करें और साफ-सफाई न भूलें. छोटे-छोटे नियम फॉलो करने से बड़ी मुसीबत टल सकती है. इन 5 बड़े नियमों को हमेशा फॉलो करें:
- साफ-सफाई रखें: हाथ 20 सेकंड तक साबुन से धोएं, बर्तन-रसोई साफ रखें.
- कच्चा और पका अलग रखें: कच्चा मीट/सब्जी का रस पके खाने में न मिले.
- अच्छे से पकाएं: खाना कम से कम 70°C तक पकाएं. मांस को अच्छे से साफ करें.
- सही तापमान पर रखें: गर्म खाना 60°C से ऊपर, ठंडा खाना 5°C से नीचे रखें. फ्रिज 4°C पर सेट रखें.
- साफ पानी और सामान इस्तेमाल करें: पानी उबालकर पिएं, फल-सब्जी धोएं और एक्सपायरी चेक करें.
अगर उल्टी, दस्त, पेट दर्द, बुखार या कमजोरी जैसे लक्षण दिखें, तो तुरंत डॉक्टर के पास जाएं. डिहाइड्रेशन से बचने के लिए ORS लें. गंभीर मामलों में अस्पताल में IV फ्लूइड और टेस्ट जरूरी है. फूड पॉइजनिंग के लक्षण 2-6 घंटे में शुरू हो सकते हैं. बच्चे, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं में खतरा ज्यादा होता है.



