आजमगढ़

Azamgarh News: अभिभावकों की सहभागिता से ही मजबूत होगी बच्चों की शिक्षा – खंड शिक्षा अधिकारी नवनीत कुमार चौबे

अभिभावकों की सहभागिता से ही मजबूत होगी बच्चों की शिक्षा – खंड शिक्षा अधिकारी नवनीत कुमार चौबे
जहानागंज (आजमगढ़):
स्थानीय शिक्षा क्षेत्र जहानागंज के प्राथमिक विद्यालय मोहबल्लीपुर में शुक्रवार को वार्षिकोत्सव, वार्षिक परीक्षाफल वितरण एवं शिक्षा चौपाल का आयोजन बड़े ही उत्साह एवं धूमधाम के साथ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी नवनीत कुमार चौबे रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी नवनीत कुमार चौबे, प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अनिल सिंह एवं मंत्री शिव प्रकाश चौबे द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल देखने को मिला।
अपने संबोधन में खंड शिक्षा अधिकारी नवनीत कुमार चौबे ने कहा कि अभिभावकों का बच्चों की शिक्षा में अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान होता है। उन्होंने कहा कि माता-पिता को बच्चों के साथ बैठकर उनकी पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए, जिससे उनका समग्र विकास संभव हो सके। उन्होंने अपने जीवन का उदाहरण देते हुए बताया कि उनकी माता भले ही पढ़ी-लिखी नहीं थीं, लेकिन वे प्रतिदिन उन्हें अपने पास बैठाकर पढ़ाई के लिए प्रेरित करती थीं और दिए गए कार्य को पूरा करने के लिए कहती थीं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की सुंदर प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक विकास सिंह ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अनिल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक विद्यालय में समय से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं, लेकिन बच्चों के विकास में अभिभावकों की भूमिका सबसे अहम होती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर घर पर विशेष ध्यान दें।
ब्लॉक मंत्री शिव प्रकाश चौबे ने भी शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विवेक सिंह द्वारा किया गया।
इस अवसर पर न्याय पंचायत किशनपुर के तीन सेवानिवृत्त शिक्षकों—भगवान यादव, तहसीलदार सिंह एवं पत्ती देवी—को अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर भावभीनी विदाई दी गई।
कार्यक्रम में किसान चीनी मिल के सभापति यशवंत सिंह अशोक सिंह, रमाकांत सिंह, रामसागर सरोज, कमलेश पांडे, भूपेंद्र नाथ मिश्रा, राजेश सिंह, संजय सिंह अंकित सिंह अजय सिंह अयोध्या सिंह राहुल सिंह अवनीश सिंह सहित अनेक शिक्षक, न्याय पंचायत प्रभारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके साथ ही एआरपी मनीष चौबे एवं जय सिंह की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!