राजनीति

पश्चिम बंगाल में जीती BJP तो कौन होगा मुख्यमंत्री? अमित शाह ने किया बड़ा ऐलान

बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी को बहुमत दिलाने के उद्देश्य से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राज्यभर में ताबड़तोड़ प्रचार कर रहे हैं. उन्होंने शुक्रवार (10 अप्रैल 2025) को कहा कि बंगाल में अगर बीजेपी की जीत होती है तो सरकार बनने के छह महीने के भीतर यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू की जाएगी. उन्होंने ये भी कहा कि बीजेपी बंगाल के बेटे को मुख्यमंत्री बनाएगी.

अमित शाह ने TMC पर लगाया तुष्टीकरण का आरोप

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नीत तृणमूल कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने टीएमसी के इस दावे को भी खारिज कर दिया कि बीजेपी पश्चिम बंगाल के लोगों की खान-पान की आदतों में दखल देगी. गृह मंत्री ने कहा, ‘यूनिफॉर्म सिविल कोड की सिफारिश बीजेपी की नहीं है. यह संविधान सभा की सिफारिश है.’ उन्होंने यूसीसी को आगे बढ़ाने का बचाव करते हुए दावा किया कि तुष्टीकरण की राजनीति के कारण इसे दशकों तक लागू नहीं किया गया.

छह महीने के भीतर UCC लागू करने का वादा किया

उन्होंने कहा, ‘तुष्टीकरण की राजनीति के कारण समान नागरिक संहिता इतने लंबे समय तक लागू नहीं हो सकी. जिन-जिन राज्यों में हमारी सरकार बनी है, वहां हमने इसे लागू किया है और बंगाल में भी ऐसा करेंगे.’ बीजेपी ने ‘संकल्प पत्र’ में पश्चिम बंगाल में सत्ता में आने के छह महीने के भीतर समान नागरिक संहिता लागू करने का वादा किया है. उन्होंने ने कहा, ‘बंगाल में हर नागरिक के लिए एक ही कानून होगा. तुष्टीकरण क्या है? क्या एक व्यक्ति को चार पत्नियां रखने की छूट देना तुष्टीकरण है या सबको देश के कानून का पालन करने के लिए कहना तुष्टीकरण है?’ 

पश्चिम बंगाल में जीती BJP तो कौन होगा मुख्यमंत्री?

पश्चिम बंगाल में बीजेपी किसे मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा इस सवाल का भी गृहमंत्री अमित शाह ने जवाब दिया. उन्होंने कहा, ‘हम कोई वंशवादी दल नहीं हैं, जिसमें बुआ के बाद भतीजा सत्ता संभाले. मैं बंगाल के लोगों को भरोसा दिलाता हूं कि हमारा मुख्यमंत्री एक बंगाली होगा और बंगाल का निवासी होगा.’ उन्होंने तृणमूल कांग्रेस की ओर से जारी हुमायूं कबीर के उन वीडियो का जिक्र किया जिसमें पार्टी के निलंबित नेता अल्पसंख्यक वोटों के कथित तौर पर विभाजन के लिए बीजेपी नेताओं से नजदीकी का दावा करते नजर आ रहे हैं. गृह मंत्री ने इस तरह की अटकलों को खारिज कर दिया.

हुमायूं कबीर को लेकर क्या बोले गृह मंत्री अमित शाह?

उन्होंने कहा, ‘हुमायूं कबीर और बीजेपी दो बिल्कुल अलग ध्रुवों पर हैं. ऐसी पार्टी के साथ कोई समझौता करने के बजाय हम विपक्ष में बैठना पसंद करेंगे.’ उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी वीडियो के जरिए राजनीतिक विमर्श गढ़ने में सक्षम हैं. उन्होंने कहा, ‘आप ममता जी की क्षमता नहीं जानते. वह ऐसे कई वीडियो बनवा सकती हैं.’

ये भी पढ़ें : BJP Bengal Manifesto 2026: बंगाल के लिए BJP का संकल्प पत्र- बेरोजगार युवाओं को हर महीने 3 हजार रुपए, 6 महीने में UCC, जानें क्या-क्या हुए बड़े ऐलान

Input By : पीटीआई भाषा

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!