आजमगढ़

Azamgarh News: अब आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर ही मिलेगा विशेषज्ञ परामर्श: सीएचओ के माध्यम से ई-संजीवनी सेवा सुदृढ़

अब आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर ही मिलेगा विशेषज्ञ परामर्श: सीएचओ के माध्यम से ई-संजीवनी सेवा सुदृढ़

 

आजमगढ़ 08 अप्रैल:जनपद में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में आयुष्मान आरोग्य मंदिर (AAM) के माध्यम से ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन सेवा को सुदृढ़ किया गया है। मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ एन.आर. वर्मा ने बताया कि अब ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि वे अपने नजदीकी आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर ही यह सुविधा प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर आने वाले मरीजों को सबसे पहले वहां तैनात कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) द्वारा देखा जाता है। सीएचओ मरीज की समस्या को समझकर आवश्यकतानुसार उन्हें ई-संजीवनी प्लेटफॉर्म के माध्यम से डॉक्टर या विशेषज्ञ से जोड़ते हैं। इसके बाद मरीज की वीडियो कॉल के जरिए सीधे चिकित्सक से बात कराई जाती है और उसी आधार पर उपचार एवं दवा की सलाह दी जाती है।
डाॅ वर्मा ने स्पष्ट किया कि “इस व्यवस्था में सीएचओ एक महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभा रहे हैं, जिससे मरीजों को सही समय पर सही स्तर का परामर्श मिल पा रहा है। मरीज को न तो भटकना पड़ता है और न ही अनावश्यक रूप से बड़े अस्पतालों की दौड़ लगानी पड़ती है।
उन्होंने बताया कि बीते मार्च तक जनपद में 43 हजार से अधिक मरीजों ने ई-संजीवनी सेवा के माध्यम से परामर्श प्राप्त कराया गया , जिसमें आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। सीएचसी पवई, तहबरपुर सहित कई केंद्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बड़ी संख्या में मरीजों को लाभान्वित किया है।
सीएमओ ने कहा कि जिन क्षेत्रों में अभी अपेक्षाकृत कम संख्या में मरीज इस सेवा का लाभ ले रहे हैं, वहां जागरूकता बढ़ाने और सेवाओं को और सक्रिय करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक इसका लाभ पहुंच सके।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में अपने नजदीकी आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर अवश्य जाएं और सीएचओ के माध्यम से ई-संजीवनी सेवा का लाभ लें। यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क, सरल और समय की बचत करने वाली है।
अंत में उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों, विशेषकर सीएचओ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके माध्यम से ही यह सेवा गांव-गांव तक प्रभावी रूप से पहुंच रही है।

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!