देश

‘यूपी-बिहार के लिए 72 घंटे भारी, बंगाल की खाड़ी से…’, दिल्ली समेत उत्तर भारत के लिए मौसम विभाग की चेतावनी

देशभर में मौसम का मिजाज इस समय पूरी तरह बदला हुआ है. कहीं आसमान में बादल हैं, कई इलाकों में अचानक बारिश हो रही है तो कई जगह ओले गिर रहे हैं. 80 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से चल रही हवाओं ने हालात को और गंभीर बना दिया है. बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में बारिश और बादल फटने की आशंका है. अरुणाचल प्रदेश और तमिलनाडु के कुछ इलाकों में 7 से 11 सेंटीमीटर तक भारी बारिश दर्ज की गई है. उत्तर भारत के कई राज्यों में ओलावृष्टि और तेज हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया है. उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए अगले 72 घंटे बेहद अहम माने जा रहे हैं.

मौसम प्रभावित कर रहा वेस्टर्न डिस्टरबेंस
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक इस समय कई वेदर सिस्टम एक साथ सक्रिय हैं, जो इस अस्थिर मौसम के पीछे मुख्य कारण हैं. पश्चिमी विक्षोभ लगातार उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर रहे हैं और उनकी तीव्रता भी अधिक बनी हुई है. बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाएं पूर्वी और मध्य भारत में नमी बढ़ा रही हैं, इससे गरज-चमक और बारिश की घटनाएं तेज हो गई हैं. 

दिल्ली में फिर बिगड़ेगा मौसम
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में भी मौसम बदलता नजर आ रहा है. आज मंगलवार (7 अप्रैल) को एक बार फिर मौसम बिगड़ने के संकेत हैं. इन दिनों आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. इसके साथ ही तेज हवाएं चलने की संभावना भी है. 

यूपी में बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में बदले मौसम का असर राज्य के लगभग सभी हिस्सों में देखने को मिल रहा है. कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें लखनऊ, कानपुर, झांसी, सहारनपुर, अलीगढ़ और आस-पास के इलाके शामिल हैं. इन इलाकों में तेज बारिश के साथ आंधी चलने की भी संभावना जताई गई है. हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, इससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है. इसके अलावा ओले गिरने की भी आशंका है. 

IMD के मुताबिक राज्य में पश्चिमी विक्षोभ का असर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है और ये सिस्टम लगातार सक्रिय बना हुआ है. नम हवाओं के टकराव से गरज-चमक की घटनाएं बढ़ रही हैं और अचानक बारिश हो रही है. आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना है, इससे गर्मी से राहत मिल सकती है.  खासकर किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फसलों की समय से कटाई कर लें और मौसम के हालात पर नजर बनाए रखें.

बिहार में येलो अलर्ट
बिहार में आने वाले कुछ दिन राज्य के लिए बेहद अहम हैं. मौसम विभाग ने कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. इनमें राजधानी पटना के अलावा गया, भोजपुर, पश्चिम और पूर्वी चंपारण जैसे इलाके शामिल हैं. इन क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. कई जगहों पर बिजली गिरने की भी संभावना है.

ये भी पढ़ें

तमिलनाडु में खूनी दामाद का कहर, ससुर को देशी बंदूक से मारी गोली, शराब के नशे में सरेआम कत्ल

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!