आजमगढ़:मोहम्मद हसन हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली


आजमगढ़ के थाना मुबारकपुर क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुख्य आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया, जिसमें उसके पैर में गोली लगी है।पुलिस के अनुसार, 3 अप्रैल 2026 की रात ग्राम इस्लामपुरा में आपसी विवाद के दौरान पड़ोसी ने वादी के पुत्र मोहम्मद हसन पर चाकू से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल हसन की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। इस संबंध में 4 अप्रैल को वादी नौशाद अहमद द्वारा थाना मुबारकपुर में तहरीर दी गई, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया। बाद में मृत्यु होने पर मुकदमे में हत्या की धारा जोड़ दी गई।घटना के बाद से आरोपी इरफान पुत्र अब्दुल मन्नान फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।5 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी दामोदरपुर मार्ग पर देखा गया है। पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद आरोपी ने दोबारा फायर करने की कोशिश की।इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस, घटना में प्रयुक्त चाकू, मोबाइल और अन्य सामग्री बरामद की गई है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।



