आजमगढ़

Azamgarh News: भावुक माहौल में सम्पन्न हुआ सेवा निवृत्ति सम्मान समारोह, शिक्षकों को दी गई भावभीनी विदाई

भावुक माहौल में सम्पन्न हुआ सेवा निवृत्ति सम्मान समारोह, शिक्षकों को दी गई भावभीनी विदाई
जहानागंज (आजमगढ़):
स्थानीय विकासखंड के बजहा में स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को सेवा निवृत्ति सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी नवनीत कुमार चौबे रहे। उन्होंने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति से हुई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और भावुक हो गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अच्छे लाल एवं शिक्षिका श्रीमती उर्मिला सिंह लाल बच्ची देवी को सेवा निवृत्त होने पर उन्हें सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि नवनीत कुमार चौबे एवं डॉ. विवेक सिंह द्वारा दोनों शिक्षकों को स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र, माला एवं रामायण भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद विद्यालय के समस्त स्टाफ एवं अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी उन्हें उपहार देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
डॉ. विवेक सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि दोनों शिक्षकों के जाने के बाद विद्यालय परिवार को उनकी कमी हमेशा खलेगी, क्योंकि लंबे समय तक साथ काम करने से एक पारिवारिक संबंध बन जाता है। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी नवनीत कुमार चौबे ने कहा कि यह विदाई नहीं, बल्कि जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत है, जिसमें परिवार को अधिक समय देना आवश्यक होता है।
विद्यालय के शिक्षक अरुण सिंह ने आए हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 14 वर्षों का साथ आज समाप्त हो रहा है, जो हम सभी के लिए भावुक क्षण है। उन्होंने कहा कि अच्छे लाल एवं उर्मिला सिंह हर सुख-दुख में साथ खड़े रहते थे, जिसकी कमी हमेशा महसूस होगी।
कार्यक्रम का सफल संचालन तेज बहादुर यादव ने किया। इस अवसर पर एआरपी जय सिंह, मनीष मिश्रा, संजीव कुमार यादव, स्मिता सिंह, अरुण सिंह, कार्तिकेय पांडे, लाल जी, राजीव, महेंद्र चौहान, प्रधान राजेश राजभर, जितेंद्र शर्मा, शाहिद सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में सभी ने सेवा निवृत्त शिक्षकों के स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की।

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!