Azamgarh News: कहां सुनी में दोस्तों ने चाकू से किया हमला इलाज के दौरान मौत


कहां सुनी में दोस्तों ने चाकू से किया हमला इलाज के दौरान मौत
आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चक सिकठी इस्लामपुरा में एक युवक की उसके ही साथी द्वारा चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना शुक्रवार की रात लगभग 10:30 बजे हुई।
मृतक की पहचान 21 वर्षीय हस्सान अहमद के रूप में हुई, जो एक बुनकर था और सात भाइयों में से पांचवें नंबर पर था। घटना के संबंध में बताया गया है कि हस्सान अपने साथी इरफान के साथ घर के सामने बैठकर बात कर रहा था, तभी किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गई।
इरफान ने कथित तौर पर चाकू निकालकर हस्सान पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हस्सान की चीख-पुकार सुनकर उसके परिजन मौके पर पहुंचे और उसे बचाने की कोशिश की। घायल हस्सान को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुबारकपुर ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी स्थिति को गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हालांकि, रास्ते में ही हस्सान की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक के पिता नौशाद की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक शशि मौली पाण्डेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी इरफान को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



