देश

‘खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे जैसी हालत…’, ममता बनर्जी का नाम लेकर मुख्तार अब्बास नकवी ने क्या कहा?

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा. उन्होंने दावा किया कि इस बार ममता बनर्जी की प्रदेश से विदाई तय है. यही कारण है कि मौजूदा समय में उनकी स्थिति खिसयानी बिल्ली खंभा नोंचे जैसी हो चुकी है, जिसे मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य में किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता है.

उन्होंने शुक्रवार (3 अप्रैल, 2026) को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था की बदहाली का अंदाजा आप महज इसी से लगा सकते हैं कि अब वहां पर न्यायिक अधिकारी तक का अपहरण हो रहा है. ऐसी स्थिति में वहां की सरकार क्या कर रह होगी. इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है. अफसोस की बात है कि इस दिशा में किसी भी प्रकार का कदम नहीं उठाया जा रहा है.

भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सुनियोजित तरीके से सबसे पहले संवैधानिक संस्थाओं पर हमला किया. इसके बाद न्यायिक अधिकारियों का अपहरण करना शुरू किया, जिसके बाद से प्रदेश में स्थिति कैसी बनी हुई है, वो किसी से छुपा नहीं है.

उन्होंने कहा कि इन्हीं सब स्थिति को ध्यान में रखते हुए ममता बनर्जी को इस बात का आभास हो चुका है कि इस बार प्रदेश से उनकी विदाई तय है. अब ऐसे में ममता बनर्जी को लग रहा है कि अगर अब वो ईडी और सीबीआई जैसी संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाने की कोशिश करेंगी, तो उन्हें इससे राजनीतिक फायदा अर्जित होगा, लेकिन मैं एक बात साफ कर देना चाहता हूं कि यह उनकी गलतफहमी है, जिसे उन्हें दूर कर लेना चाहिए.

मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल में इतने साल तक सत्ता में रही. ऐसी स्थिति में उनका यह नैतिक कर्तव्य बनता है कि वे अपने द्वारा किए गए कामों का लेखा जोखा जनता के सामने प्रस्तुत करें.

इसके अलावा, उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जब कभी चुनाव निकट आता है, तो कुछ लोग सेक्युलर कारस्तानी में जुट जाते हैं. अब एक बात साफ कर देना चाहता हूं कि ये लोग सही मायने में मुस्लिम समुदाय के लोगों का सशक्तीकरण नहीं चाहते हैं, बल्कि उनका शोषण करना चाहते हैं. ये वो लोग हैं, जो मुस्लिम समुदाय के लोगों का अपने राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल करना चाहते हैं, इसलिए ये लोग मियां बीवी का जिक्र करते रहते हैं. लिहाजा ऐसे लोगों को एक बात समझ लेनी चाहिए कि हिंदुस्तान में कोई भी असुरक्षित नहीं है, न ही मियां और न ही बीवी. ऐसी स्थिति में ऐसे लोगों को मेरा यही सुझाव रहेगा कि वो किसी भी प्रकार के मियां बीवी के किसी भी चक्कर में ना ही पड़े.

उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को एक बात समझनी होगी कि मौजूदा समय में हमारा देश समग्र विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन कुछ लोग इस बात को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं. इसलिए ये लोग सामने आकर विकास से संबंधित हर काम में सांप्रदायिकता का रंग घोलने की कोशिश कर रहे हैं. मैं एक बात साफ कर देना चाहता हूं कि अब इस तरह की स्थिति को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा.

साथ ही, उन्होंने मौजूदा समय में केंद्र सरकार की कार्यशैली की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि संकट के समय में हमारी सरकार ने जिस तरह से काम किया है, वो निसंदेह काबिलेतारीफ है. हम इसकी जितनी प्रशंसा करें, उतनी कम है.

उन्होंने कहा कि आज की तारीख में आप पूरी दुनिया की स्थिति देख लीजिए. चौतरफा हाहाकार मचा हुआ है. हर जगह तबाही का आलम है, लेकिन भारत सरकार अपनी कार्यशैली के दम पर समाज के हर तबके के लोगों के हितों का विशेष ख्याल रख रही है. साथ ही मैं एक बात और साफ कर देना चाहता हूं कि हमारा देश ने कभी विस्तारवादी नीति नहीं, बल्कि विकासवादी नीतियों की वकालत की है.

 

यह भी पढ़ें:-
Assam Assembly Elections 2026: ‘कांग्रेस की सरकार आई तो घुसपैठिए भी आएंगे’, ग्वालपाड़ा में गृह मंत्री अमित शाह का तीखा वार

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!