आजमगढ़

Azamgarh News: ट्रक का नंबर बदलकर 253 कुंतल चावल बेचने वाला अंतरजनपदीय अभियुक्त गिरफ्तार

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़। जनपद के बरदह थाना क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट के नाम पर बड़े पैमाने पर चावल हेराफेरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक का नंबर बदलकर 253 कुंतल चावल बेचने वाले एक अंतरजनपदीय अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त ट्रक और 15 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरदह थाना क्षेत्र निवासी नंदलाल गुप्ता ने 29 जनवरी 2026 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी फर्म राहुल ट्रेडिंग कंपनी से 29 नवंबर 2025 को ट्रक संख्या UP65FT-1322 के माध्यम से 253 कुंतल चावल (करीब 7,08,400 रुपये मूल्य) दुर्ग (छत्तीसगढ़) स्थित कृष्णा उद्योग के लिए भेजा गया था, जो गंतव्य तक नहीं पहुंचा। ट्रांसपोर्टर से पूछताछ करने पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जांच शुरू की गई। इसी क्रम में सोमवार को उपनिरीक्षक रितेश खरवार की टीम ने मुखबिर की सूचना पर पारा गेट के पास एक संदिग्ध ट्रक को रोका। चालक की पहचान रामाकांत यादव उर्फ मेघू यादव निवासी गाजीपुर के रूप में हुई, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने अपने ट्रक के वास्तविक नंबर UP65ET8991 के बजाय फर्जी नंबर UP65FT-1322 लगाकर चावल को रास्ते में ही एक दलाल को करीब साढ़े पांच लाख रुपये में बेच दिया। उसने बताया कि प्राप्त रकम से ट्रक की मरम्मत, किस्त भुगतान और अन्य खर्च पूरे किए गए।

पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 15 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं तथा ट्रक को भी सीज कर लिया है। मामले में पहले दर्ज धारा 316(2) बीएनएस को हटाते हुए अब धारा 341(2), 303(2) और 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रितेश खरवार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुरेशचंद्र मिश्रा सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!