देश

Telangana: पत्नी की मौत का सदमा नहीं सह पाया SI, 5 दिन बाद उठाया खौफनाक कदम

Telangana News: तेलंगाना के करीमनगर में एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. करीमनगर टू टाउन पुलिस स्टेशन में तैनात एसआई चंद्रशेखर ने आत्महत्या कर ली. उन्होंने जम्मिकुंटा मंडल के सीतमपेट स्थित अपने ससुराल में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. इससे पहले उनकी पत्नी दिव्या ने महज पांच दिन पहले ही आत्महत्या कर ली थी. एक ही परिवार में कुछ ही दिनों के अंतराल में हुई इन दो मौतों ने पूरे जिले को गहरे सदमे में डाल दिया है.

बताया जा रहा है कि चंद्रशेखर अपनी पत्नी से बेहद प्यार करते थे और उनकी अचानक हुई मृत्यु को वह सहन नहीं कर पाए. पत्नी की कमी और उससे जुड़ी यादों ने उन्हें अंदर से पूरी तरह तोड़ दिया. एक जिम्मेदार और सक्रिय पुलिस अधिकारी का इस तरह का कदम उठाना न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे पुलिस विभाग के लिए भी बड़ा झटका है.

इस वजह से पत्नी ने की आत्महत्या

जानकारी के मुताबिक, चंद्रशेखर ड्यूटी के दौरान काफी सक्रिय और जिम्मेदार अधिकारी माने जाते थे, लेकिन निजी जीवन में आई इस बड़ी त्रासदी ने उन्हें गहरे मानसिक तनाव में डाल दिया. पत्नी के निधन के बाद से वह लगातार अकेलेपन और मानसिक पीड़ा से जूझ रहे थे. स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस पूरी घटना की जड़ में उनकी पत्नी दिव्या की मृत्यु है.

दिव्या पिछले कुछ समय से गंभीर पेट दर्द से पीड़ित थीं. दर्द असहनीय होने के कारण उन्होंने कनेर के फूलों का रस पीकर आत्महत्या का प्रयास किया. उस समय ड्यूटी पर मौजूद चंद्रशेखर को दिव्या ने फोन कर इसकी जानकारी दी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया.

इलाज के दौरान पत्नी ने तोड़ा दम

हालत गंभीर होने पर दिव्या को बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद ले जाया गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका और मंगलवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इस मामले में दिव्या के पिता तेडला चिन्ना समैया की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया. पत्नी की मौत के बाद चंद्रशेखर पूरी तरह टूट चुके थे.

हनुमान नगर में रहने वाले चंद्रशेखर के लिए यह सदमा इतना गहरा था कि वह उससे उबर नहीं पाए. आखिरकार, पत्नी के निधन के पांच दिन बाद उन्होंने भी उसी रास्ते को चुनते हुए सीतमपेट में अपने ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पति-पत्नी दोनों की कुछ ही दिनों के भीतर हुई मौत ने दोनों परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया है. 

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!