हिंदुस्तान पेट्रोलियम के बाद IOCL ने दिया झटका, बढ़ा दिए प्रीमियम पेट्रोल के दाम, जानें ताजा रेट

सरकारी तेल कंपनी Indian Oil Corporation ने प्रीमियम पेट्रोल XP-95 की कीमत में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है. कंपनी की ओर से कहा गया, ‘पिछले 20 दिनों में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतें 71 डॉलर से बढ़कर 156 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई हैं. इसके बावजूद भारत में पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़ाए गए हैं. कंपनी का कहना है कि देशभर में ईंधन की सप्लाई बिना रुकावट जारी रहेगी.
IOCL ने एक्स पर शेयर किया पोस्ट
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड ने शुक्रवार (20 मार्च, 2026) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया. पोस्ट में कंपनी ने कहा कि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच घरेलू बाजार में कीमतों में स्थिरता बनाए रखना पहले से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण हो गया है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती लागत के बावजूद इंडियन ऑयल ने भारत में सामान्य ऑटोमोटिव फ्यूल्स की कीमतों में कोई बढ़ोत्तरी नहीं की है. हालांकि, प्रीमियम पेट्रोल XP-95 की कीमतों में सीमित बदलाव किया गया है, जिसका कुल खपत पर मामूली असर पड़ता है.
As global crude prices surge, stability at home matters more than ever.
IndianOil has ensured no increase in regular automotive fuel prices in India, even amid rising international costs. A limited revision applies only to premium petrol XP-95, with minimal impact on overall… pic.twitter.com/DAOIpW6vCj— Indian Oil Corp Ltd (@IndianOilcl) March 20, 2026
कंपनी ने कहा कि आम लोगों के लिए उपयोग में आने वाले रेगुलर पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर रखी गई हैं, जिससे लोगों को राहत मिल रही है. बदलते वैश्विक हालात के बीच कंपनी का ध्यान मुख्य रूप से तीन प्रमुख पहलुओं पर केंद्रित है- नियमित आपूर्ति, जिम्मेदारी के साथ मूल्य निर्धारण और एक भरोसेमंद सर्विस. यही कारण है कि अंतरराष्ट्रीय दबाव के बावजूद घरेलू बाजार में लोगों को तेल की कीमतों में स्थिरता का अनुभव हो रहा है.
IOCL के अलावा कौन सी तेल कंपनियों ने बढ़ाए दाम
IOCL के अलावा भारत पेट्रोलियम कोरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने स्पीड, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कोरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने अपने पॉवर प्रीमियम पेट्रोल के दाम में 2.09 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया है. प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोत्तरी के पहले दाम करीब 111.68 रुपये प्रति लीटर था, जो अब बढ़कर करीब 113.77 रुपये प्रति लीटर हो गया है.
यह भी पढ़ेंः पेट्रोल के बाद Industrial Diesel भी महंगा, IOC ने कीमत ₹87.67 से बढ़ाकर ₹109.59 प्रति लीटर की



