आरजी कर रेप केस की पीड़िता की मां BJP के टिकट पर लड़ेंगी चुनाव, बोलीं- मैं ममता बनर्जी के शासन को…

पश्चिम बंगाल में आरजी कर मेडिकल कॉलेज के रेप और मर्डर केस की पीड़िता की मां ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के टिकट पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है. गुरुवार (19 मार्च, 2026) को उन्होंने कहा कि वह बीजेपी उम्मीदवार के रूप में बंगाल विधानसभा चुनाव लड़ना चाहती हैं.
उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने के पीछे उनका मकसद तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार को हटाने के लिए राजनीतिक मार्ग अपनाना है. अगस्त 2024 में आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के सेमिनार हॉल में एक ट्रेनी डॉक्टर का रेप किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई थी. डॉक्टर की उम्र उस वक्त 31 साल थी. इस घटना ने पूरे देश में आक्रोश पैदा कर दिया था.
घटना के विरोध में राज्यभर में डॉक्टरों और नागरिक समाज समूहों ने लंबे समय तक प्रदर्शन किए थे. पीड़ित डॉक्टर की मां ने रिपोर्टर्स से कहा कि उन्हें उत्तर 24 परगना के पनिहाटी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ाए जाने की संभावना है, और बीजेपी की ओर से जल्द ही कैंडिडेट लिस्ट जारी की जाएगी, जिसमें उनका नाम शामिल होने की संभावना है.
पीड़िता की मां ने कहा कि उन्हें पहले बीजेपी से प्रस्ताव मिला था, लेकिन उस समय वह मानसिक रूप से तैयार नहीं थीं. उन्होंने कहा, ‘मुझे बहुत पहले बीजेपी से (चुनाव लड़ने का) प्रस्ताव मिला था, लेकिन तब मैं मानसिक रूप से तैयार नहीं थी. कल मैंने इसे स्वीकार करने और चुनाव लड़ने का फैसला किया क्योंकि मैं गृह मंत्री के शासन को समाप्त करना चाहती हूं.’ उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का जिक्र करते हुए यह बात कही, जिनके पास गृह विभाग का प्रभार भी है.
पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने उनकी बेटी के मामले में जांच और न्याय प्रक्रिया में बाधा डालने की कोशिश की है. उन्होंने कहा, ‘मैं अपनी बेटी के लिए न्याय सुनिश्चित करने और इस सरकार को सत्ता से हटाने के लिए राजनीति में प्रवेश कर रही हूं.’ बीजेपी नेता अर्जुन सिंह ने हाल ही में पीड़ित डॉक्टर के माता-पिता से मुलाकात की थी.
यह भी पढ़ें:-
बंगाल की सियासत में ‘सोशल मीडिया वॉर’: BJP-TMC के आरोप-प्रत्यारोप ने बढ़ाया चुनावी तापमान, वोटिंग से पहले गरमाया माहौल



