Telangana Accident: तेलंगाना में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार टिपर लॉरी की टक्कर से दो कॉलेज छात्रों की मौत

तेलंगाना के हनमकोंडा जिले के हसनपर्थी इलाके में शनिवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो कॉलेज छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई. यह हादसा उस समय हुआ जब एसएसआर कॉलेज के छात्र मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे और तेज रफ्तार टिपर लॉरी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
पुलिस के मुताबिक हादसा हसनपर्थी क्षेत्र में स्थित बड़े चेरुवु (पेड्डा चेरुवु) के पास हुआ. मृतकों की पहचान सुप्रतीक और अक़रम के रूप में हुई है, जो SSR डिग्री कॉलेज के छात्र बताए जा रहे हैं. दोनों छात्र टू विलर से कॉलेज जा रहे थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार टिपर लॉरी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों छात्र सड़क पर गिर पड़े और मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ. स्थानीय लोगों ने बताया कि टिपर लॉरी काफी तेज गति से चल रही थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके कारण यह हादसा हुआ.
पुलिस इंस्पेक्टर ने दिया बयान
हादसे के संबंध में हसनपर्थी पुलिस इंस्पेक्टर एम. राजेश ने बताया, ‘शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि टिपर लॉरी की तेज रफ्तार के कारण दुर्घटना हुई. बाइक सवार दोनों छात्र कॉलेज जा रहे थे, तभी लॉरी ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और लॉरी चालक की तलाश की जा रही है.’ पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और उनके परिवारों को घटना की जानकारी दे दी गई है. हादसे की खबर मिलते ही कॉलेज और स्थानीय समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई. साथियों और शिक्षकों ने दोनों छात्रों को मेहनती और उज्ज्वल भविष्य वाला बताया.



