आजमगढ़

Azamgarh News: रंगों में घुली खुशियां, सेहत रहे सबसे पहले-सुरक्षित होली मनाने की अपील

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़ जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि रंगों और उमंगों का पर्व होली आपसी प्रेम, भाईचारे और खुशियों का संदेश देता है। इस रंग-बिरंगे त्योहार को हर्षोल्लास के साथ मनाने के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का ध्यान रखना भी उतना ही आवश्यक है। होली के मद्देनजर जनपदवासियों से सुरक्षित और स्वस्थ तरीके से त्योहार मनाने की अपील की गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी आजमगढ़ डॉ. नन्हकू राम वर्मा ने लोगों को संदेश देते हुए कहा कि होली के दौरान रासायनिक रंगों के बजाय प्राकृतिक एवं हर्बल रंगों का प्रयोग करें, ताकि त्वचा, आंखों और श्वसन संबंधी समस्याओं से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि रंग खेलते समय एक-दूसरे के साथ प्रेम और मर्यादा बनाए रखें तथा जबरदस्ती रंग लगाने से बचें।
उन्होंने सलाह दी कि होली खेलने से पहले शरीर पर सरसों या नारियल तेल लगा लें, जिससे रंग त्वचा पर कम असर करेगा। आंख, नाक और मुंह में रंग जाने से बचाव करें तथा छोटे बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
खान-पान को लेकर सीएमओ ने कहा कि त्योहार के दौरान ताजे और स्वच्छ खाद्य पदार्थों का ही सेवन करें। खुले में बिकने वाली मिठाइयों और मिलावटी खाद्य पदार्थों से दूरी बनाएं। अधिक तला-भुना और नशीले पदार्थों के सेवन से बचें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, जिससे शरीर में पानी की कमी न हो।
उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को त्वचा में जलन, आंखों में लालिमा, सांस लेने में परेशानी, एलर्जी या अन्य स्वास्थ्य समस्या महसूस हो तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या चिकित्सक से संपर्क करें। गंभीर स्थिति में बिना देरी किए सरकारी अस्पताल पहुंचें।
डॉ. वर्मा ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि होली खुशियों का त्योहार है, इसे सुरक्षित, स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण में मनाएं, ताकि रंगों की खुशियां लंबे समय तक जीवन में बनी रहें। मेरे तरफ से समस्त जनपद वासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!