US-Israel Iran Strike Live: इजरायल और ईरान के बीच जंग को लेकर बोलीं महबूबा मुफ्ती, ‘कोई भी मिसाइल या संकट…’

इजरायल और ईरान के बीच भीषण जंग छिड़ी हुई है. अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान के कई ठिकानों पर हमला किया है. इस बीच पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने प्रतिक्रिया देते हुए ईरान का समर्थन किया है. उन्होंने ईरान और उसके लोगों की सलामती के लिए प्रार्थना की. पीडीपी प्रमुख ने कहा कि एक ऐसा राष्ट्र जो लंबे वक्त से मुस्लिम जगत की एक सशक्त आवाज रहा है, अपनी अटूट आस्था और दृढ़ विश्वास से शक्ति प्राप्त करता है.
अल्लाह ईरान को अपनी सुरक्षा दे- महबूबा मुफ्ती
उन्होंने आगे कहा, ”कोई भी मिसाइल या संकट इसकी संप्रभुता को खत्म नहीं कर सकता और न ही इसके मनोबल को तोड़ सकता है. अल्लाह ईरान को अपनी सुरक्षा प्रदान करे, उसके लोगों को साहस और धैर्य प्रदान करे, और उसके सर्वोच्च नेता अली खामेनेई को ताकत दे और सही राह दिखाए.”
Prayers for Iran and its resilient people as they face yet another act of aggression by Israel. A nation that has long stood as a defining voice of the Muslim world draws its strength from unshakable faith and conviction. No missile or menace can extinguish its sovereignty or…
— Mehbooba Mufti (@MehboobaMufti) February 28, 2026
इजरायल में रह रहे भारतीय नागरिको को एडवाइजरी
उधर, भारत ने शनिवार (28 फरवरी) को इजरायल में रहने वाले अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है. इजरायल में भारतीय दूतावास की ओर से एडवाइजरी जारी करते हुए कहा गया है कि ईरान के खिलाफ इजरायल और अमेरिका के ज्वाइंट हवाई हमले के बाद अलर्ट रहें.
सेफ्टी गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करने की सलाह
इसके मुताबिक इलाके में मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए, इजरायल में सभी भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे बहुत सावधानी बरतें और हर समय सतर्क रहें. भारतीय नागरिकों से ये भी कहा गया है कि वे इजरायली अधिकारियों और होम फ्रंट कमांड की ओर से जारी सेफ्टी गाइडलाइंस और निर्देशों का सख्ती से पालन करें. एडवाइजरी में सुरक्षित क्षेत्र के पास रहने की अहमियत पर भी जोर दिया गया है.
इसमें ये भी कहा गया है कि सभी भारतीय नागरिक तय शेल्टर के पास रहें और अपने रहने की जगह या काम की जगह के सबसे पास की सुरक्षित जगहों के बारे में पता करके रखें. इसके अलावा अगली सूचना तक इजरायल के अंदर सभी गैर-जरूरी यात्राओं से बचने की बात कही गई है. नागरिकों को स्थानीय मीडिया, आधिकारिक ऐलान और इमरजेंसी अलर्ट पर लगातार नजर बनाए रखने के लिए भी कहा गया है.



