देश

शराब पिलाकर कर्मचारियों को बांधा, अभिनेत्री के पिता को टेप से लपेटकर मारा, टूरिस्ट बनकर आए थे हत्यारे

Tamil Nadu News: तमिलनाडु के डिंडिगुल जिले के कोडाईकनाल से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जिसमें फिल्म सहायक अभिनेत्री विष्णु प्रिया के 73 साल के पिता सूर्य नारायणन की बेरहमी से हत्या कर दी गई. यह वारदात कुरिंजी आंदवर मुरुगन मंदिर के पास स्थित उनके बंगले में हुई, जहां कुछ युवक पर्यटक बनकर ठहरे हुए थे. शनिवार देर रात करीब 1 बजे बंगले के कर्मचारी आरुमुगम ने शोर मचाया और पड़ोसी के मोबाइल से पुलिस को सूचना दी कि बंगले में हत्या हो गई है.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बंगले का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया. पहले कमरे में कर्मचारी मुरली को हाथ-पैर टेप से बंधा हुआ पाया गया, जिसे बचा लिया गया. दूसरे कमरे में सूर्य नारायणन को कुर्सी पर बैठाकर उनके मुंह, नाक, सिर और शरीर पर टेप चिपकाकर बेरहमी से हत्या की गई थी. उनके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे. शव को पोस्टमार्टम के लिए कोडाईकनाल सरकारी अस्पताल भेजा गया.

पांच युवक पर्यटक बनकर बंगले में रुके

पुलिस जांच में सामने आया कि पांच युवक पर्यटक बनकर बंगले में रुके थे. उन्होंने कर्मचारियों से दोस्ती दिखाई और शराब पिलाकर मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया. कर्मचारियों को बांधने के बाद सूर्य नारायणन से करोड़ों रुपये की संपत्ति के दस्तावेजों के बारे में पूछताछ की गई और फिर उनकी हत्या कर दी गई. आरोपी बंगले से हार्ड डिस्क, जमीन के पट्टे और अन्य सामान लेकर फरार हो गए.

थेनी और डिंडिगुल जिले की पुलिस की विशेष टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल सिग्नल के आधार पर जांच की. चेन्नई, वेलांकन्नी, पांडिचेरी समेत कई जगहों पर छापेमारी की गई. इस दौरान श्याम, महेंद्रन, गोकुलनाथ, रंजीत, किशोर उर्फ कृष्ण प्रसाद, अक्षय नटराज, कार्तिक और स्टूडियो मालिक विग्नेश सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. इसके अलावा गिरिजा और उनके बेटे डॉक्टर किरण को भी साजिश में शामिल पाए जाने पर हिरासत में लिया गया.

साजिश के तहत की गई हत्या

पुलिस के मुताबिक यह हत्या पैसे को दोगुना करने की धोखाधड़ी और संपत्ति के दस्तावेज हासिल करने की साजिश के तहत की गई थी. आरोपियों के पास से सोने की अंगूठी, चेन, करोड़ों रुपये की संपत्ति के कागजात और दो लग्जरी कारें बरामद की गई हैं. कोडाईकनाल पुलिस ने मात्र तीन दिनों में इस जघन्य हत्या का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!