बीकानेर: बॉर्डर पर ड्रोन के साथ मिलीं 5 पिस्तौल-300 जिंदा कारतूस, पाकिस्तान से भेजे जाने की आशंका

राजस्थान में बीकानेर से सटी भारत–पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने एक बार फिर दुश्मन मंसूबों पर करारा प्रहार किया है. सीमावर्ती खाजूवाला इलाके में ड्रोन के जरिए भेजी गई हथियारों की खेप को समय रहते पकड़ लिया गया, जिससे एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई.
यह कार्रवाई उस वक्त सामने आई जब 24 KND क्षेत्र में एक किसान के खेत से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली. सूचना मिलते ही सीमा सुरक्षा बल की 140वीं बटालियन और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया.
ड्रोन से होती है हथियारों की तस्करी भी
खेत की कड़ी घेराबंदी कर जब सर्च ऑपरेशन चलाया गया, तो जमीन से एक ड्रोन के साथ 5 पिस्टल और करीब 300 जिंदा कारतूस बरामद हुए. इस बरामदगी ने साफ कर दिया है कि अब ड्रोन का इस्तेमाल सिर्फ नशे की तस्करी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि हथियारों की सप्लाई के लिए भी इसे नया हथियार बनाया जा रहा है.
प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि यह खेप सीमा पार से भेजी गई थी और इसे किसी बड़े नेटवर्क के जरिए आगे पहुंचाया जाना था. ऑपरेशन के दौरान खाजूवाला थानाधिकारी रोहित चौधरी, सीओ खाजूवाला अमरजीत चावला, प्रोबेशनर आरपीएस रोहित सहित पुलिस और बीएसएफ के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और पूरे क्षेत्र को खंगाला गया.
स्थानीय कनेक्शन भी खंगाल रहीं सुरक्षा एजेंसिया
फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हथियारों की यह खेप किसके लिए थी. इसका अंतिम ठिकाना क्या था और इसके पीछे कौन-कौन से चेहरे शामिल हैं. ड्रोन की तकनीकी जांच के साथ-साथ सीमा पार कनेक्शन और स्थानीय लिंक को भी खंगाला जा रहा है.
सीमावर्ती इलाकों में बढ़ती ड्रोन गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं. बीकानेर बॉर्डर पर हुई यह कार्रवाई न केवल सतर्कता का उदाहरण है, बल्कि यह भी दिखाती है कि देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.



