Azamgarh News:आजमगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई, अवैध तमंचा व कारतूस बरामद

रानी की सराय थाना क्षेत्र में दो बड़ी कार्रवाइयाँ: मुठभेड़ के आरोपी के दो साथी गिरफ्तार, छेड़खानी का अभियुक्त भी दबोचा

आजमगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई, अवैध तमंचा व कारतूस बरामद
आजमगढ़। रानी की सराय थाना क्षेत्र में पुलिस ने अलग-अलग दो मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पहली कार्रवाई में 25 फरवरी को हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद फरार चल रहे दो आरोपियों को पकड़ा गया, जबकि दूसरी घटना में महिला से छेड़खानी के आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
मुठभेड़ प्रकरण में दो आरोपी गिरफ्तारगौरतलब है कि 25 फरवरी 2026 को पुलिस पर जानलेवा फायरिंग की घटना हुई थी, जिसमें 50 हजार रुपये का इनामी हिस्ट्रीशीटर नसीम उर्फ लम्बू को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। इसी मामले में उसके फरार साथी भुटेली उर्फ करिया और वसीम की तलाश की जा रही थी।26 फरवरी को पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी कोईलारी खुर्द तालाब के पास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर सुबह करीब 9:15 बजे दोनों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान वसीम के पास से एक देशी तमंचा .315 बोर व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत एक अन्य मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है और अन्य विधिक कार्रवाई जारी है।
महिला से छेड़खानी का आरोपी भी गिरफ्तार
इसी थाना क्षेत्र में दर्ज एक अन्य मामले में पुलिस ने महिला से छेड़खानी और धमकी देने के आरोपी अखिलेश यादव उर्फ भोला को भी गिरफ्तार किया है। पीड़िता ने 25 फरवरी को शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने मोबाइल के माध्यम से छेड़छाड़ करने का प्रयास किया तथा विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी।
मामले में बीएनएस की धारा 76, 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। 26 फरवरी को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी को चेकपोस्ट के पास से सुबह करीब 11:40 बजे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु अभियान लगातार जारी रहेगा और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।



