फरवरी के वेतन को लेकर यूपी सरकार का बड़ा फैसला, इन कर्मचारियों के लिए खुशखबरी

यूपी के सरकारी शिक्षकों के लिए खुशखबरी आई है. रंगों के पर्व होली के मद्देनजर योगी सरकार ने बड़ा फैसला किया गया है. शिक्षकों को होली से पहले फरवरी का वेतन मिलेगा. शिक्षा विभाग ने निर्देश जारी किया. यूपी के अन्य विभाग भी इसी तर्ज पर तैयारी में जुटे हैं. आदेश में कहा गया है कि 2 मार्च से पहले ही वेतन दे दिए जाएं. होली का त्यौहार 4 मार्च को मनाया जाएगा. इससे पहले शिक्षा विभाग के इस निर्देश से कर्मचारियों में त्यौहार की खुशी और बढ़ गई है. यूपी में करीब छह लाख सरकारी शिक्षक हैं.
होली के मद्देनजर अतिरिक्त बसें चलाने का फैसला
होली से पहले यूपी सरकार ने और भी कई फैसले लिए हैं. होली पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए 28 फरवरी से नौ मार्च तक अतिरिक्त बसें चलाने का निर्णय लिया है. सरकार ने इसके साथ ही उत्कृष्ट कर्मचारियों को 3,600 से 4,500 रुपये तक प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की भी घोषणा की है.
त्योहारों के दौरान दिल्ली एवं गाजियाबाद सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश से यात्रा का दबाव अधिक रहता है इसलिए इन क्षेत्रों में बसों और कर्मचारियों की पर्याप्त संख्या पहले से सुनिश्चित की जाएगी. डिपो एवं क्षेत्रीय कार्यशालाओं में कार्यरत कर्मचारियों को भी 10 दिन लगातार ड्यूटी पर 2100 रुपये और नौ दिन की ड्यूटी पर 1800 रुपये एकमुश्त दिए जाएंगे.
यूपी के ब्रज में होली की शुरुआत
देश के बाकी हिस्सों से पहले ही ब्रज क्षेत्र में होली का खुमार चरम पर पहुंच गया है. मथुरा, वृन्दावन, बरसाना, नन्दगांव, गोकुल, महावन और बलदेव समेत समूचे ब्रज में हर तरफ रंग-गुलाल के साथ राधा और कृष्ण के अलौकिक प्रेम की छटा देखने का मिल रही है. स्थानीय लोगों के साथ-साथ विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को भी नाचते, गाते हुए रंगों के उत्सव का आनंद लेते देखा जा सकता है. बरसाना व नन्दगांव की प्रसिद्ध लट्ठमार होली भी आकर्षण का केंद्र है. फाल्गुन शुक्ल नवमी के दिन (25 फरवरी को) बरसाना में, तो दशमी के दिन (26 फरवरी) नन्दगांव में दोनों स्थानों के ‘हुरियारे’ एक—दूसरे के गांव में जाकर लट्ठमार होली खेलते हैं.



