Mahoba News: महोबा में आग का तांडव: 7 दुकानें जलकर खाक, सिलेंडर फटने से हड़कंप, दो घंटे बाद पाया गया काबू

महोबा के व्यस्त डाक बंगला चौराहे पर भीषण आग का तांडव देखने को मिला. अचानक लगी आग ने देखते ही देखते आधा दर्जन से अधिक दुकानों और गुमटियों को अपनी जद में ले लिया. दमकल की गाड़ियों के देरी से पहुंचने के कारण दो सिलेंडर में विस्फोट भी हुआ, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका.
जानकारी के मुताबिक, महोबा शहर के डाक बंगला चौराहे पर आज चीख-पुकार और तबाही का मंजर दिखाई दिया. यहां स्थित गुमटियों और दुकानों में अचानक लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. देखते ही देखते आग की लपटों ने ढाबा, मोमोज की दुकान, चाय की गुमटी और प्राइवेट बस बुकिंग काउंटर सहित करीब सात दुकानों को राख के ढेर में तब्दील कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को रोककर बचाव कार्य शुरू किया.
अग्निशमन विभाग के खिलाफ लोगों में नाराजगी
वहीं स्थानीय लोगों और दुकानदारों में अग्निशमन विभाग के खिलाफ जबरदस्त नाराजगी देखी गई. लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल की गाड़ियां करीब आधा घंटा देरी से पहुंचीं. इसी देरी के कारण आग इतनी भीषण हो गई कि एक दुकान में रखे छोटे गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे लोगों में हड़कंप मच गया. इस अग्निकांड ने कई गरीब परिवारों की रोजी-रोटी छीन ली है.
खाने-पीने की दुकान चलाने वाली अंकिता बताती हैं कि इसी दुकान से उनके पूरे परिवार का गुजर-बसर होता था. जब तक वह अपने पति के साथ मौके पर पहुंचतीं, तब तक उनकी दुकान जलकर खाक हो चुकी थी. पीड़ित दुकानदारों का कहना है कि उनकी जमा-पूंजी और सारा सामान इस आग की भेंट चढ़ गया.
पीड़ितों ने प्रशासन से लगाई मुआवजे की गुहार
स्थानीय निवासी प्रदीप के अनुसार, दुकानों के पीछे स्थित डाक बंगला मैदान में कुछ लोग चूल्हे पर खाना बनाते हैं, आशंका जताई जा रही है कि वहीं से उठी चिंगारी ने इस हादसे को अंजाम दिया. हालांकि, आग लगने के सटीक कारणों की जांच अभी जारी है. करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पाया. अब पीड़ित दुकानदारों ने प्रशासन से नुकसान के सर्वे और उचित मुआवजे की गुहार लगाई है ताकि वे फिर से अपना जीवन शुरू कर सकें.
अग्निशमन अधिकारी ने क्या कहा?
अग्निशन अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम में सूचना मिली थी कि दुकानों में आग लगी है. मौके पर आये तो पता चला कि एक दुकान के सिलेंडर में आग लगी है जो अन्य दुकानों फैल गई, दो सिलेंडर भी आग से फटे है. हम तुरंत सूचना पर आये और आग पर काबू पा लिया गया है. इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है.



