राज्य

हापुड़ में ट्यूशन गई छात्रा पर जानलेवा हमला, खेत में खून से लथपथ हालत में मिली, जांच शुरू

उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ में बाबूगढ़ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कुचेसर चौपला के पास खून से लथपथ एक छात्रा बेहोशी की हालत में पड़ी हुई थी. इसकी जानकारी जब राहगीरों को हुई, तो उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी और सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने जब छात्रा को उठाकर देखा, तो उसके गले पर धारदार हथियार से चोट का निशान था. पुलिस ने उसे आनन-फानन में उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया है. जहां छात्रा की हालत गंभीर बताई जा रही है. 

घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है, जबकि छात्रा यहां कैसे और उसके साथ क्या हुआ इसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. आखिर उस पर हमला क्यों किया गया है, इसका भी अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है. मौके पर जुटी पुलिस छानबीन में जुटी है.

क्या है पूरा मामला ?

जानकारी के अनुसार हापुड़ की रहने वाली युवती शगुन बीए की छात्रा है. बताया जा रहा है कि शगुन मंगलवार को घर से ट्यूशन के लिए गई थी और काफी देर तक वापस लौटकर नहीं आई. इसी बीच परिवार के लोगों को राहगीरों से सूचना मिली कि शगुन बेहोशी की हालत में खून से लहूलुहान बाबूगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कुचेसर चौपला के पास खेत में पड़ी हुई है. इस पर परिवार के लोग तत्काल ही मौके पर पहुंचे. जहां उन्होंने देखा कि शगुन के गले पर चाकू से हमला किए जाने का निशान था और खून भी बह रहा था.

वहीं घटना की जानकारी मिलते ही बाबूगढ़ थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने घायल छात्रा को उपचार के लिए हापुड़ में निजी अस्पताल में भर्ती कराया है. जहां छात्रा की हालत गंभीर बताई जा रही है. छात्रा शगुन पर किसके द्वारा चाकू से हमला किया गया, इसकी जांच पड़ताल में पुलिस जुट गई है.

पुलिस की जांच जारी-जल्द खुलासे का दावा

कोतवाली बाबूगढ़ प्रभारी मुनीश प्रताप सिंह ने फोन पर बताया कि सूचना मिली थी कि एक लड़की सड़क किनारे लहूलुहान हालत में पड़ी है. जिसके बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लड़की को अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस जांच में जुट गई है. साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!