राज्य

Nalanda News: नालंदा में गोली मारकर दोस्त की हत्या, फोन कर बुलाया था, हिरासत में लिया गया आरोपी

बिहार के नालंदा से दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. मंगलवार (24 फरवरी, 2026) की रात एक दोस्त को उसके दोस्त ने घर से बुलाकर गोली मार दी. शव को मानपुर थाना इलाके के डमर बिगहा गांव के पास से बरामद किया गया. मृतक की पहचान दीपनगर थाना क्षेत्र के पावा गांव निवासी रामानुज प्रसाद के पुत्र सौरव कुमार (16-17 साल) के रूप में हुई है. 

परिजनों ने बताया कि बीती रात एक दोस्त ने फोन कर सौरव को घर से बुलाया था. सौरव घर से यह कहकर निकला था कि दोस्त बुला रहा है, लेकिन देर रात तक नहीं लौटा. कुछ समय बाद डमर बिगहा गांव के पास एक शव मिलने की सूचना मिली. परिजन जब मौके पर पहुंचे तो शव की पहचान उन्होंने सौरव के रूप में की.

हत्या के पीछे पैसों का हो सकता है विवाद 

इस पूरे मामले में परिजनों ने गांव के ही मिथिलेश नामक युवक पर सौरव को बुलाने का आरोप लगाया है. पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा है कि हत्या के पीछे पैसों को लेकर विवाद हो सकता है. बताया जा रहा है कि सौरव शराब के अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ था. इसको लेकर कुछ लोगों से उसका विवाद चल रहा था. इस एंगल से भी पुलिस जांच कर रही है.

हिरासत में लिया गया मिथिलेश

घटना के संबंध में मानपुर थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. एक युवक (मिथिलेश) को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. जल्द हत्या के कारणों का खुलासा होगा. उधर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. 

कहा जा रहा है कि हत्या की वारदात कहीं और हुई है और बाद में शव को मानपुर थाना क्षेत्र के डमर बिगहा गांव के पास लाकर फेंक दिया गया. घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं. उसके आधार पर भी कार्रवाई की जा रही है.

यह भी पढ़ें- बिहार और बंगाल से ये हिस्सा काटकर बन सकता है नया राज्य! जानें क्यों शुरू हुई ये चर्चा

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!