‘यह लोकतंत्र की हत्या’, उदय भानू चिब की गिरफ्तारी पर फूटा पिता का गुस्सा, सरकार पर लगाए आरोप

दिल्ली में आयोजित एआई समिट में शर्टलेस प्रदर्शन के बाद इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को गिरफ्तार किया गया है. दिल्ली पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया. पुलिस द्वारा कोर्ट से उनकी 7 दिन की रिमांड मांगी गई है.
इस बीच उनके पिता हरि सिंह ने गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा है कि यह लोकतंत्र की हत्या है. उन्होंने कहा कि उसके पास और हर व्यक्ति के पास अपनी राय रखने का अधिकार है. उन्होंने कहा कि हमारे किसान, इंडस्ट्रीज, टेक्सटाइल क्षेत्र और युवाओं को भारत-अमेरिका ट्रेड डील से नुकसान होगा.
उदय भानु की गिरफ्तारी पर क्या बोले पिता?
यूथ कांग्रेस चीफ के पिता हरि सिंह ने इस मामले पर कहा कि मुझे नहीं लगता उदय ने इसमें कुछ भी गलत किया है. मुझे मेरे बेटे पर गर्व है. वह देश के युवाओं और किसानों के लिए लड़ाई लड़ रहा है. उन्होंने आगे कहा कि मैं ईश्वर से दुआ करता हूं कि वह उसे हिम्मत दे.
उन्होंने आगे कहा कि उदय को देश के युवाओं और उसको यह लड़ाई जारी रखने के लिए हिम्मत दे. उन्होंने इस गिरफ्तारी को साजिश करार दे दिया है. उन्होंने आगे कहा कि इस मामले में उसको फंसाने की साजिश है. लेकिन मुझे यकीन है कि वह उदय भानु को चुप नहीं कर सकते.
पुलिस को मिली रिमांड
दिल्ली पुलिस ने दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट में भारतीय युवा कांग्रेस के सदस्यों के एक समूह द्वारा शर्टलेस विरोध प्रदर्शन के संबंध में संगठन के अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया. चिब की गिरफ्तारी के बाद विरोध प्रदर्शनों की आशंका को देखते हुए पुलिस ने राजधानी के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी है.
पटियाला हाउस कोर्ट ने पुलिस द्वारा मांगी गई 7 दिन की रिमांड की मांग को खारिज करते हुए 4 दिन की रिमांड दे दी है. बताया जा रहा है कि आरोपियों के सामने पुलिस उदय भानु चिब से पूछताछ कर सकती है.



