‘वो अपने दम पर सरकार..’, अखिलेश यादव के ऑफर BJP प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने किया पलटवार

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के सौ विधायक लाने वाले ऑफर पर यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने तीखा हमला किया है. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का ये बयान उनकी हताशा और निराशा का परिचायक है. वो अपने दम पर सरकार बनाने की बात नहीं कर रहे हैं.
पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा सर्व समाज की पार्टी है और बगैर किसी भेदभाव के काम करती है. बीजेपी की सरकार ने यूपी में जंगल राज को तिलांजलि देने का काम किया है. सपा जिस तरह से जाति और धर्म के आधार पर राजनीति कर रही उसे जनता समझ चुकी है और इसका जवाब ज़रूर देगी.
अखिलेश यादव के आरोपों पर पलटवार
सपा अध्यक्ष द्वारा एसआईआर को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर पंकज चौधरी ने कहा कि वो इसके विरोध में कभी सड़क तो कभी संसद में हल्ला करते हैं. उत्तर प्रदेश में 2 करोड़ 88 लाख वोट कटा है. तो उसमें सभी विधानसभा में 70 से 75 हजार वोट भाजपा के भी कटे हैं. SIR चुनाव आयोग का काम है और कहीं न कहीं यह निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है.
शंकराचार्य विवाद पर कही ये बात
शंकराचार्य विवाद को लेकर अखिलेश यादव द्वारा किए जा रहे हमलों पर पंकज चौधरी ने कहा कि उनके संगठन में सभी को साथ लेकर चलने की परंपरा है. साधु-संतों का वे लोग सम्मान करते हैं. उन्हें नहीं लगता है कि संगठन में कोई कार्यकर्ता ऐसा है जो उनका विरोधी है. वे सबको साथ लेकर चलने की विचारधारा रखते हैं. प्रदेश में भी वह सब को साथ लेकर चलेंगे.
भाजपा के कार्यकर्ता 365 दिन काम करते हैं. जनता की सेवा करते हैं. उन्होंने कहा कि सालभर के अंदर चुनाव आने वाला है और चुनाव के दृष्टिकोण से हमारे कार्यकर्ता सदैव तैयार रहते हैं. जहां तक रणनीति की बात है अभी समय है. सरकार और संगठन में कोई मतभेद नहीं है. दोनों मिलकर के कार्य कर रहे हैं. जहां सरकार का कार्य होता है, वहां सरकार कार्य करती है. संगठन का कार्य है योजनाओं को जनता के बीच ले जाकर उसे जमीनी धरातल पर लोगों के बीच पहुंचाना.



