राज्य

बृजभूषण सिंह खुले आम क्यों करते हैं हत्या करने का दावा? एक्सपर्ट ने बता दी चौंकाने वाली वजह

उत्तर प्रदेश स्थित कैसरगंज लोकसभा सीट से सांसद रहे बृज भूषण शरण सिंह ने बीते दिनों दावा किया था कि उनके हाथ से एक हत्या हुई है. एबीपी न्यूज़ से एक्सक्लूसिव बातचीत में भारतीय जनता पार्टी के नेता ने कहा था- मेरे जीवन में केवल एक अवसर आया. हमारे दोस्त को हमारे सामने गोली मारी और मैंने देख लिया और जब वो हमारे सामने बंदूक लेकर के पलटा तो उस समय मैंने गोली मार दी. 

पूर्व सांसद ने कहा- आप कह सकते हैं कि आत्मरक्षा में या दोस्त का बदला लेने के लिए गोली चलाई. दोनों तरफ से मरे थे. केस छूट गया. अब सवाल यह उठता है कि मौके-बे-मौके बृजभूषण शरण सिंह ऐसा दावा खुले आम कैसे और क्यों करते हैं?

इस बारे में एबीपी लाइव ने दिल्ली यूनिवर्सिटी में कार्यरत एक प्रोफेसर से बातचीत की. पूर्वांचल निवासी प्रोफेसर ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर कहा कि पूर्व सांसद ऐसा रणनीति के तहत करते हैं. उन्होंने कहा कि बृजभूषण सिंह ऐसा कह कर दिवंगत पंडित सिंह के परिजनों की सियासत पर एज ले लेते हैं. वह ऐसी बातें केवल सियासी फायदे के लिए करते हैं.

नैरेटिव सेट करने के लिए दावा करते हैं बृजभूषण?

प्रोफेसर ने दावा किया- चूंकि इंटरव्यू में कुछ भी कहने की सजा नहीं है इसलिए वह ऐसा कर पाते हैं. यह पूछे जाने पर कि इन दावों से बृजभूषण को क्या सियासी लाभ है, उन्होंने कहा- जिन रवींद्र सिंह की दोस्ती के लिए बृजभूषण गोली चलाने का दावा करते हैं, उनके बेटे सूरज सिंह यानी पंडित सिंह के भतीजे, पूर्व सांसद के ही बेटे प्रतीक भूषण सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ते हैं. बृजभूषण के इन दावों से क्षत्रिय मतदाताओं में यह संदेश जाता है कि बीजेपी नेता ने दोस्ती के लिए एक हत्या कर दी और इसके जरिए उनके लिए एक नैरेटिव सेट हो जाता है.

प्रोफेसर ने यह भी दावा किया कि बृजभूषण के बार-बार ऐसा बोले जाने से पंडित सिंह के भतीजे सूरज सिंह की सियासी स्थिति कमजोर हो जाती है. उन्होंने यह भी दावा किया कि बृजभूषण ने किसी को मारा ये झूठ है. उन्होंने किसी को नहीं मारा. पब्लिक स्पेस में किसी को मारिएगा तो कोई न कोई सबूत होगा. ये भौकाल के लिए बोला गया झूठ है ताकि एक ओर जहां पंडित सिंह के समर्थक भी आपके साथ रहें और आपका खौफ भी बरकरार रहे.

बता दें पंडित सिंह के भतीजे सूरज सिंह, फिलहाल समाजवादी पार्टी में हैं. वहीं बृजभूषण के बेटे प्रतीक बीजेपी में हैं. वह गोंडा सदर से विधायक हैं.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!