मरीज, डॉक्टर और 2 अटेंडेंट…रांची में क्रैश हुई एयर एम्बुलेंस में कौन-कौन था सवार, सामने आई लिस्ट

रांची से दिल्ली जा रही एयर एंबुलेंस सोमवार (23 फरवरी 2026) को चतरा जिले के सिमरिया में क्रैश हो गया. उड़ान के दौरान शाम 7.34 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से उसका संपर्क अचानक से टूट गया. इसके बाद विमानन अधिकारियों ने तत्काल हाई अलर्ट जारी कर दिया. इसमें मरीज समेत सात लोग सवार थे और सभी की मौत हो चुकी है.
मरीज की पहचान 41 साल के संजय कुमार के रूप में हुई है. विमान में इसके अलावा दो अटेंडेंट अर्चना देवी और धुरु कुमार, डॉक्टर विकास कुमार गुप्ता, पैरामेडिक सचिन कुमार मिश्रा और दो पायलट कैप्टन विवेक विकास बिलागत और कैप्टन सवरदीप सिंह सवार थे. बताया जा रहा है कि मृतक मरीज संजय कुमार लातेहार जिला के चंदवा का रहने वाला था, जो कि रांची के देवकमल हॉस्पिटल में भर्ती था.
मरीज को क्या समस्या थी?
मरीज संजय कुमार को पेट्रोलियम प्रोडक्ट से आग लगने के कारण बर्न इंजरी हुई थी. हादसे में उनके शरीर का करीब 63 फीसदी हिस्सा झुलस गया था. उन्हें इसी हालत में रांची के देवकमल अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था जहां शुरुआती इलाज और सपोर्टिव ट्रीटमेंट दिया गया. मरीज की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर करने की सलाह दी थी, जिसके बाद एयर एम्बुलेंस के जरिए दिल्ली ले जाया जा रहा था.
एटीसी से संपर्क टूटने के बाद शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
एटीसी से संपर्क टूटने के तुरंत बाद संबंधित एजेंसियों ने बड़े पैमाने पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया. रडार डेटा और विमान की अंतिम लोकेशन के आधार पर सर्च अभियान चलाया गया. घने जंगल और खराब रास्तों के कारण राहत और बचाव कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. स्थानीय प्रशासन, पुलिस बल और आपदा प्रबंधन की टीमें संयुक्त रूप से अभियान में जुटी है.
डीजीसीए ने कहा, ‘वाराणसी से 100 नॉटिकल मील साउथ-ईस्ट में विमान का संपर्क टूट गया. बचाव अभियान जारी है और जांच के लिए एएआईबी को भेजा गया है.’ चतरा एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने पुष्टि की है कि विमान में सात लोग सवार थे. उन्होंने कहा, ‘प्रशासन मौके पर मौजूद है और बचाव अभियान जारी है.’



