Azamgarh News: ब्लड सेंटर में घुसकर चिकित्साधिकारी से अभद्रता व धमकी, तीन आरोपी गिरफ्तार


आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ जनपद के थाना कोतवाली पुलिस ने, मण्डलीय जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड सेंटर में शनिवार को प्रभारी चिकित्साधिकारी के साथ अभद्रता व धमकी देने के मामले में सोमवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 21 फरवरी 2026 को सुबह लगभग 9 बजे मण्डलीय जिला चिकित्सालय आजमगढ़ के ब्लड सेंटर में तीन व्यक्तियों ने प्रभारी अधिकारी अनिल कुमार मौर्य के कक्ष में घुसकर विवाद किया तथा अभद्र व्यवहार करते हुए धमकी दी। घटना की पुष्टि ब्लड सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में हुई।
पीड़ित अधिकारी की तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 67/26 के तहत धारा 115(2), 351(3) एवं 333 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए उपनिरीक्षक अखिलेश नारायण सिंह ने पुलिस टीम के साथ त्वरित कार्रवाई कर सोमवार को शाम 3:45 बजे सदर अस्पताल परिसर से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अंगद यादव (34) निवासी पगरा थाना कोतवाली, वीरा यादव (43) निवासी कोढ़वा थाना जहानागंज तथा यशवन्त सिंह (50) निवासी उकरौड़ा थाना कोतवाली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।



