AI समिट में शर्टलैस प्रदर्शन: दिल्ली पुलिस ने आरोपी कृष्ण हरि की गाड़ी बरामद की, एक और कार्यकर्ता हिरासत में

दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया AI समिट में शर्टलैस प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. दिल्ली पुलिस ने आरोपी और यूथ कांग्रेस के नेता कृष्ण हरि की गाड़ी बरामद कर ली है. इस कार से टी शर्ट और पोस्टर भी बरामद हुए हैं. इसके अलावा पुलिस ने यूथ कांग्रेस के एक और प्रदर्शनकारी को हिरासत में लिया है और बचे हुए प्रदर्शनकारियों की तलाश में छापेमारी कर रही है.
कोर्ट ने अरेस्ट प्रदर्शनकारियों को रिमांड पर भेजा
इस मामले में दिल्ली की पटियाला कोर्ट ने पहले ही प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार यूथ कांग्रेस के नेताओं को पांच दिन की कस्टडी में भेजा है. ये सभी यूपी, बिहार और तेलंगाना के दूर-दराज इलाकों के बताए जा रहे हैं. कोर्ट ने साफ कहा है कि शुरुआती जांच में बाहरी साजिश के लिंक मिलने से मामला और बढ़ गया है. कोर्ट ने इस पूरे मामले में टिप्पणी करते हुए इसे जायज प्रदर्शन नहीं बताया है. कोर्ट ने इसे पब्लिक ऑर्डर पर खतरा बताया है. साथ ही राजनयिक छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बताया है.
20 फरवरी को भारत मंंडपम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए थे
यह घटना 20 फरवरी 2026 की है. करीबन 12:30 बजे भारत मंडपम के एग्जिबिशन हॉल में कांग्रेस के यूथ विंग के कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए थे. उन्होंने पीएम मोदी और भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ टी-शर्ट पर स्लोगन लिखे हुए थे. इनपर लिखा था कि प्रधानमंत्री इज कंप्रोमाइज्ड, एपस्टीन फाइल्स और भारत यूएस ट्रेड डील लिखा हुआ था. प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शर्ट उतारकर नारे लगाए और हंगामा किया. इससे वहां मौजूद इंटरनेशनल डेलिगेशन और मेहमानों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
पुलिस ने उन्हें तुरंत बाहर निकाला. साथ ही तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन लेकर गई. उन्हें गिरफ्तारी के बाद पटियाला कोर्ट में पेश किया गया. जहां से कोर्ट ने पुलिस को उन लोगों की कस्टडी दे दी.



