राज्य

महोबा में मेगा विधिक सेवा शिविर का आयोजन, 44 विभागों ने 600 से अधिक लोगों को मिला सीधा लाभ

उत्तर प्रदेश के महोबा के वीर भूमि डिग्री कॉलेज में न्याय विभाग द्वारा विशाल मेगा विधिक सेवा शिविर का आयोजन किया गया है. जहां जनपद न्यायाधीश राम नगीना यादव ने इसका उद्घाटन किया और एक ही छत के नीचे 44 विभागों ने स्टॉल लगाकर 600 से अधिक लाभार्थियों को लाभान्वित किया. इस शिविर का मुख्य उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं और कानूनी अधिकारों की जानकारी पहुंचाना रहा.

महोबा के आज वीर भूमि डिग्री कॉलेज में दिखा न्याय और जनसेवा का संगम

महोबा के वीर भूमि डिग्री कॉलेज में आज न्याय और जनसेवा का संगम देखने को मिला. उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर आयोजित इस मेगा विधिक सेवा शिविर का उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाना था. कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जनपद न्यायाधीश राम नगीना यादव ने कहा कि इस वृहद शिविर के माध्यम से पात्र लोगों को आर्थिक सहायता के चेक, टूल किट और ट्राई-साइकिल दी गई है, ताकि वे स्वावलंबी बन सकें. जिले के 44 विभागों ने एक ही छत के नीचे अपने स्टॉल लगाए थे. इस मौके पर कॉलेज परिसर में पौध रोपण भी किया गया है.

मुख्य विकास अधिकारी बलराम ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड, मनरेगा के तहत जॉब कार्ड और विभिन्न पेंशन योजनाओं के प्रमाणपत्र मौके पर ही वितरित किए गए. साथ ही, युवा उद्यमी योजना और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आर्थिक मदद के चेक भी प्रदान किए गए है.

शिविर की असली सफलता की गवाही लाभार्थियों के चेहरों पर दिखी

इस शिविर की सफलता की असली गवाही लाभार्थियों के चेहरों पर दिखी. इंटर के दिव्यांग छात्र अभिषेक ने ट्राई-साइकिल मिलने पर भावुक होते हुए कहा कि चलने में दिक्कत के कारण वह स्कूल नहीं जा पाता था, लेकिन अब उसकी पढ़ाई की राह आसान हो गई है. वहीं मनरेगा मजदूर कल्लू ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए बताया कि 100 दिन की मजदूरी पूरी करने पर उन्हें उपहार स्वरूप टिफिन और साफी मिली है. आंगनवाड़ी कार्यकर्ता खुरेती ने बताया कि उन्हें बच्चों के लिए टेबल-कुर्सी और किट दी गई है, जिससे केंद्र की व्यवस्थाएं बेहतर होंगी.

न्याय विभाग की इस पहल ने न केवल लाभार्थियों को लाभान्वित किया, बल्कि उन्हें उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक भी किया. इस विशाल आयोजन ने साबित किया कि जब सरकारी मशीनरी और न्यायपालिका साथ मिलकर काम करते हैं, तो लाभ सीधे जनता के हाथों तक पहुँचता है.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!