देश

‘कांग्रेस पहले से ही नंगी’, AI समिट में शर्टलैस प्रदर्शन पर PM मोदी ने जमकर सुनाया

देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट में इंडियन यूथ कांग्रेस के शर्टलैस प्रदर्शन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस पर जमकर बरसे. पीएम मोदी ने निशाना साधते हुए कहा, ‘कांग्रेस ने वैश्विक आयोजन को अपनी गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा बना दिया. देश की जनता जानती हैं कि आप पहले से ही नंगे हैं.’

क्या बोले पीएम मोदी?

पीएम मोदी ने कहा, ‘देश में ही कुछ राजनीतिक दल हैं, जो भारत की सफलता को पचा नहीं पा रहे हैं. अभी आपने देखा कि भारत में दुनिया का सबसे बड़ा AI सम्मेलन हुआ. मेरठ के लोगों से पूछना चाहता हूं कि ये जो AI सम्मेलन हुआ, आपको गर्व हुआ कि नहीं हुआ?…पूरा देश गर्व से भर गया, लेकिन कांग्रेस और इसके इको सिस्टम ने क्या किया. कांग्रेस ने भारत के एक वैश्विक आयोजन को अपनी गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा बना दिया. समारोह स्थल पर विदेशी अतिथियों के सामने कांग्रेस के नेता कपड़े उतारकर पहुंच गए. मैं कांग्रेस वालों को पूछता हूं कि देश जानता है कि आप पहले से ही नंगे हो, फिर कपड़े उतारने की जरूरत क्यों पड़ी?’

कांग्रेस देश को ही बदमान करने में जुटी – पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘कांग्रेस नेताओं ने जो कुछ किया वो दिखाता है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी वैचारिक रूप से कितनी दरिद्र हो गई है. कोई कल्पना नहीं कर सकता है. हम तो वो लोग हैं, जो गांव में किसी के यहां शादी होती है तो पूरा गांव उसे सफल बनाने में जी जान से जुट जाता है, ताकि मेहमान गांव की अच्छी छवि लेकर जाए, लेकिन कांग्रेस तो अपने ही देश को बदनाम करने में जुटी है. 

‘ये लोग मेरी कब्र खोदना चाहते’

उन्होंने निशाना साधते हुए कहा, ‘कांग्रेस के नेताओं को मोदी से नफरत है. ये लोग मेरी कब्र खोदना चाहते हैं. मेरी मां को गाली देने से कोई परहेज नहीं है. उन्हें बीजेपी-एनडीए से विरोध है. आपकी राजनीति में यही करना जरूरी है. हम इसको भी सहन कर लेंगे. कांग्रेस को याद करना चाहिए था कि AI समिट बीजेपी का समारोह नहीं था और न ही बीजेपी का कोई नेता वहां मौजूद था. ये देश का कार्यक्रम था. कांग्रेस ने परसों सारी मर्यादाएं तोड़ दीं, पूरा देश इस कांग्रेस की रीति, नीति पर थू थू कर रहा है. इतनी बड़ी पार्टी के नेता लाजने के बजाए गाजते हैं, देश की बेइज्जती करने वालों का जयकारा कर रहे हैं.’

क्या है पूरा मामला?

इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान शुक्रवार (20 फरवरी) को यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंदर घुसकर प्रोटेस्ट किया और कथित बेरोजगारी, महंगाई और भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की थी. कुछ प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान अपनी शर्ट उताकर इंडिया एआई समिट के डिस्प्ले बोर्ड के सामने खड़े होकर नारेबाजी करते हुए तस्वीरें खिंचवाईं. इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!