खेल

कैसे सेमीफाइनल में पहुंच सकता है पाकिस्तान? सुपर-8 का पहला मैच बारिश से हुआ रद्द; जानें अब क्या है समीकरण

पाकिस्तान बनाम न्यूजीलैंड मैच बारिश के कारण बिना कोई गेंद डाले रद्द हो गया, जिसके बाद दोनों टीमों को 1-1 अंक से संतोष करना पड़ा. हालांकि इसका एक पहलू ये भी है कि किसी एक टीम को 1 अंक का नुकसान हो गया है, जो जीतकर पूरे अंक प्राप्त कर सकती थी. खैर, हम यहां सलमान अली आगा की कप्तानी वाली पाकिस्तान टीम के बारे में बता रहे हैं कि अब टीम सेमीफाइनल में कैसे पहुंच सकती है.

पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने ग्रुप स्टेज में 3 मैच जीते थे, ये टीम सिर्फ भारत के खिलाफ मैच हारी थी. पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान शानदार फॉर्म में हैं, वह जारी संस्करण में सबसे ज्यादा रन (220) बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उस्मान तारिक ने भी अभी तक प्रभावित किया है. हालांकि न्यूजीलैंड भी मजबूत टीम है, लेकिन पिच कंडीशन को देखते हुए पाकिस्तान का पलड़ा भारी नजर आ रहा था.

टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 राउंड में लीग स्टेज के 4 ग्रुप्स की टॉप 2 टीमें खेल रही हैं. इन्हें 2 ग्रुप्स में बांटा गया है, हर ग्रुप में 4-4 टीम हैं. प्रत्येक टीम को अपने ग्रुप की हर टीम से 1-1 मैच खेलना है, जिसके बाद टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में क्वालीफाई करेंगी. पाकिस्तान को सुपर-8 में अब इंग्लैंड और श्रीलंका से खेलना है.

  • 24 फरवरी, बनाम इंग्लैंड
  • 28 फरवरी, बनाम श्रीलंका

अब सेमीफाइनल में कैसे पहुंच सकता है पाकिस्तान

हालांकि पाकिस्तान अभी किसी टीम पर निर्भर नहीं है, उन्हें अपने दोनों मैच जीतने हैं. अगर ऐसा हुआ तो पाकिस्तान सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर जाएगी, क्योंकि इस स्थिति में सिर्फ न्यूजीलैंड ही दूसरी टीम होगी, जो पाकिस्तान के साथ 5 अंकों तक पहुंच पाएगी.

लेकिन अगर पाकिस्तान एक मैच हार गई, या उनका एक और मैच रद्द हो गया तो भी समस्या खड़ी हो जाएगी. ऐसे में पाकिस्तान के 3 अंक रहेंगे, तब उन्हें अन्य टीमों के प्रदर्शन पर निर्भर रहना होगा. तब भी ऐसी स्थिति बन सकती है कि सिर्फ एक टीम पाकिस्तान से आगे हो. लेकिन ये समीकरण बनना मुश्किल है. जबकि सलमान अली आगा एंड टीम चाहेगी कि वह अपने दोनों मैच जीतकर बिना किसी समस्या के सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करे.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!