जबलपुर: नशे में धुत ड्राइवर ने मचाया तांडव, तेज रफ्तार कार से पुलिसकर्मी समेत 3 लोगों को रौंदा

मध्यप्रदेश के जबलपुर में बीती रात करीब 12 बजे एक नशे में धुत कार चालक ने शहर के कई इलाकों में जबरदस्त आतंक मचाया. एक मैरून रंग की एमजी हेक्टर कार बेकाबू होकर भंवरताल गार्डन से रसल चौक और इनकम टैक्स ऑफिस होते हुए सिंधिया पार्क की दीवार से टकराकर रुकी. इस दौरान कार ने अपने रास्ते में आई कई गाड़ियों को रौंदते हुए दहशत फैला दी. कार चालक ने नशे की हालत में कार को जहां-तहां रौंदा. इस घटने में कई लोगों के घायल होने की खबर है. आम नागरिक के साथ-साथ कार वाले ने पुलिस को भी नहीं छोड़ा.
पुलिस के अनुसार, बेकाबू कार ने सबसे पहले ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी आदित्य कौरव को टक्कर मारी. इसके बाद कार ने दो-तीन अन्य कारों और कई मोटरसाइकिलों को अपनी चपेट में ले लिया. घटना पर मौजूद लोगों ने बताया कि कार एक मोटरसाइकिल को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई, जिसे देख मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए.
तीन गंभीर घायल, अस्पताल में भर्ती
इस हादसे में पुलिसकर्मी आदित्य कौरव और एक 14 वर्षीय किशोर सहित कुल तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को तत्काल विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कार चालक को दबोच लिया. उसकी पहचान अनुराग सोनी के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक चालक नशे की हालत में था और हादसे में उसे भी चोटें आई हैं, जिसके कारण उसे उपचार के लिए भेजा गया है.
आरोपी पर मामला दर्ज, कानूनी कार्रवाई शुरू
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध मुकदमा दर्ज कर लिया है. वाहनों को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पुलिस ने कहा है कि उचित कार्रवाई की जायेगी, ताकि अपराधियों को एक उचित संदेश जाए.



