अब असम में होगा खेला? कांग्रेस ने एग्जिट पोल को बताया गलत, डीके शिवकुमार ने BJP को लेकर किया बड़ा दावा

Assam Eections 2026: असम विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है, जहां कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने दावा किया है कि राज्य में उनकी सरकार बनने जा रही है और एग्जिट पोल को माहौल बनाने की कोशिश बताते हुए खारिज कर दिया है.
शनिवार को कांग्रेस के वरिष्ठ पर्यवेक्षक डी.के. शिवकुमार, भूपेश बघेल और जितेंद्र सिंह ने गठबंधन सहयोगियों के साथ बैठक की, जबकि कांग्रेस ने इस चुनाव में राइजोर दल, असम जातीय परिषद (AJP), सीपीआई(एम), एपीएचएलसी और सीपीआई(एमएल) के साथ मिलकर चुनाव लड़ा है.
गौरव गोगोई का दावा- आराम से बनेगी सरकार
बैठक के बाद असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने दावा किया कि गठबंधन आराम से सरकार बनाएगा और कहा कि राज्य के लोगों, किसानों, युवाओं और महिलाओं ने बदलाव के लिए वोट दिया है, साथ ही उन्होंने एग्जिट पोल को सत्ताधारी दल की रणनीति बताते हुए कहा कि 4 मई को नतीजे आएंगे और सभी को स्ट्रॉन्ग रूम पर नजर रखते हुए काउंटिंग की तैयारी करनी होगी.
‘डर की वजह से लोग खुलकर नहीं बोले’
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने भी एग्जिट पोल को खारिज करते हुए कहा कि मतदाताओं में डर का माहौल है, इसलिए लोग खुलकर अपनी राय नहीं रख पाए, उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी से सहमत नहीं होने वालों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा और उनकी टीम मजबूत व एकजुट है. शिवकुमार ने यह भी दावा किया कि बीजेपी के कुछ नेता हार की आशंका के चलते कांग्रेस के संपर्क में आने की कोशिश कर रहे हैं और पार्टी को अपने आंतरिक सर्वे पर पूरा भरोसा है.
एग्जिट पोल में NDA को बढ़त
एग्जिट पोल में बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए को बढ़त दिखाई गई है, जहां Axis My India ने NDA को 88-100 सीटें, JVC ने 88-101 सीटें और Matrize ने 85-95 सीटें दी हैं, जबकि कांग्रेस गठबंधन को 23 से 36 सीटों के बीच बताया गया है. असम विधानसभा चुनाव की मतगणना 4 मई को होगी और इस बार कांग्रेस ने छह दलों के साथ गठबंधन बनाकर बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए को कड़ी चुनौती दी है.



