Azamgarh News: गन्ना लदे ट्रैक्टर से टकराई बाइक, ट्रॉली के नीचे आने से युवती की मौके पर मौत


आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ जनपद के महराजगंज थाना अंतर्गत महराजगंज–बिलरियागंज मार्ग स्थित बासथान मोड़ पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवती की दर्दनाक मौत हो गई। गन्ना लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर के बाद युवती ट्रॉली के पहिये के नीचे आ गई, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार शोभा पुत्री शिवबचन अपने चचेरे भाई के साथ मोटरसाइकिल से बिलरियागंज से महराजगंज की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे गन्ना लदे ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवती सड़क पर गिर गई और पीछे लगी ट्रॉली की चपेट में आ गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर एवं मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।
कोतवाली प्रभारी केदार नाथ मौर्या ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है तथा दोषी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों पर नियंत्रण लगाने की मांग उठाई है।



