जलालाबाद: पुलिस रेड में 6000 लीटर अवैध शराब नष्ट, तस्कर ने रॉड से किया हमला, 1 गिरफ्तार

जलालाबाद में अवैध शराब (लाहन) का कारोबार करने वाले तस्करों के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ा सर्च अभियान चलाया. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम को तस्करों के भारी विरोध और हंगामे का सामना करना पड़ा.
एक शराब तस्कर ने बचने के लिए लोहे की रॉड उठाकर पुलिस टीम को ललकारा और भागने की कोशिश की, जिसे पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके पर ही दबोच लिया. पुलिस ने दो गांवों में छापेमारी कर 6000 लीटर अवैध लाहन बरामद की है, जिसे नष्ट कर दिया गया.
100 पुलिसकर्मियों और 3 SHO की टीम ने की दबिश
मामले की जानकारी देते हुए जलालाबाद के डीएसपी गुरसेवक सिंह बराड़ ने बताया कि अवैध शराब की गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की योजना बनाई. इस रेड में तीन थानों के एसएचओ (SHO) और करीब 100 पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम शामिल थी. इस भारी पुलिस बल ने इलाके के गांव महालम और पालीवाला में संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की.
कमरा बंद कर रॉड लेकर भिड़ गया तस्कर
डीएसपी बराड़ ने बताया कि जब पुलिस टीम गांव महालम के एक घर में तलाशी लेने पहुंची, तो वहां एक तस्कर ने खुद को कमरे में बंद कर लिया था. इसी कमरे में भारी मात्रा में अवैध लाहन छिपाई गई थी. जब पुलिस ने सख्ती से कमरा खुलवाने का प्रयास किया, तो आरोपी युवक हाथ में लोहे की रॉड लेकर बाहर निकला और पुलिस टीम को ललकारते हुए जमकर हंगामा करने लगा. उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने उसे तुरंत काबू कर हिरासत में ले लिया.
भट्ठियां, हथियार और बिना नंबर की बाइक बरामद
महालम के अलावा पुलिस ने गांव पालीवाला में भी कई घरों में तलाशी अभियान चलाया. इस पूरे सर्च ऑपरेशन में पुलिस ने दोनों गांवों से कुल 6000 लीटर अवैध लाहन और शराब बनाने वाली कई भट्ठियां बरामद कीं. बरामद लाहन को पुलिस ने मौके पर ही नष्ट कर दिया. इसके अलावा मौके से एक बिना नंबर की बाइक और लोहे के कुछ जानलेवा हथियार भी जब्त किए गए हैं. पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जांच की जा रही है.
Input By : सुनील नागपाल



