Emmanuel Macron | Emmanuel Macron India Visit meet pm modi in mumbai Trade defence on bilateral agenda Rafale

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर फांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों 17 से 19 फरवरी तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं. मुंबई में मैक्रों और पीएम मोदी ने गर्मजोशी से हाथ मिलाया और फोटोशूट कराया. दोनों नेता उद्योगपतियों, स्टार्टअप फाउंडर्स, रिसर्च एक्सपर्ट्स, और इनोवेशन से जुड़े लोगों को संबोधित करेंगे. मैक्रों दिल्ली में AI इम्पैक्ट समिट में भी हिस्सा लेंगे. फ्रांस नई दिल्ली के साथ अपनी सैन्य साझेदारी का विस्तार करना चाहता है और 114 राफेल फाइटर जेट के कॉन्ट्रैक्ट पर बातचीत होनी है.
द्विपक्षीय एजेंडा में क्या-क्या शामिल?
इमैनुएल मैक्रों का दौरा ऐसा समय में हो रहा है जब हाल ही में भारत और यूरोपीय यूनियन (EU) के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर हुए हैं, जिसे मदर ऑफ ऑल डील कहा गया है. यूरोपीय देशों में फ्रांस भारत के सबसे करीबी रणनीतिक साझेदारों में से एक है और राफेल फाइटर जेट, स्कॉर्पीन सबमरीन जैसे रक्षा उपकरणों का एक प्रमुख आपूर्तिकर्ता है. भारत ने हाल ही में मैक्रों की यात्रा से कुछ ही दिन पहले फ्रांस की कंपनी दसॉल्ट से 114 नए राफेल जेट खरीदने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है. पीएम मोदी और मैक्रों के बीच द्विपक्षीय वार्ता इनोवेशन, ट्रेड, टेक्नोलॉजी पर केंद्रित रहेगा.
दिल्ली में एआई समिट में भाग लेंगें मैक्रों
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि मैक्रों का यह दौरा फरवरी 2025 में पीएम मोदी की फ्रांस यात्रा के बाद हो रहा है, जो दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी में विश्वास को दर्शाता है. मुंबई में अपने कार्यक्रमों के बाद, मैक्रों अपनी पत्नी ब्रिगिट मैक्रों के साथ 19 फरवरी को नई दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट में भाग लेंगे. इस दौरान दोनों नेता भारत–फ्रांस रणनीतिक साझेदारी के तहत अब तक हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे और क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे.
मैक्रों के साथ अलग-अलग क्षेत्रों के दिग्गज आए भारत
भारत रवाना होने से पहले राष्ट्रपति मैक्रों ने ‘एक्स’ पर लिखा था कि वह मुंबई से नई दिल्ली तक तीन दिन के दौरे पर आ रहे हैं, ताकि दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को और आगे बढ़ाया जा सके. उन्होंने बताया कि उनके साथ व्यापार, उद्योग, संस्कृति और डिजिटल क्षेत्र से जुड़े प्रमुख लोग भी भारत आ रहे हैं, जो दोनों देशों के संबंधों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. फ्रांस और भारत ने मिलकर पिछले साल फरवरी 2025 में एआई एक्शन समिट की अध्यक्षता की थी, जो इनोवेशन साइंस एंड टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप होराइजन 2047 रोडमैप का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है.



