जल जीवन मिशन घोटाले में राजस्थान ACB की बड़ी कार्रवाई, 15 ठिकानों पर एक साथ की छापेमारी

राजस्थान में जल जीवन मिशन से जुड़े कथित घोटाले की जांच में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने मंगलवार सुबह देशभर में एक साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की. यह कार्रवाई राजस्थान के जयपुर, बाड़मेर, सीकर और जालोर सहित दिल्ली, बिहार और झारखंड समेत विभिन्न राज्यों में की जा रही है.
सूत्रों के अनुसार ACB की टीम ने रिटायर्ड आईएएस अधिकारी सुबोध अग्रवाल के ठिकानों पर भी दबिश दी है. जांच एजेंसी को उनसे गहन पूछताछ करनी है. इस पूरे मामले में करीब 15 आरोपियों के परिसरों पर एक साथ रेड की जा रही है. अब तक की कार्रवाई में आधा दर्जन से अधिक आरोपियों को हिरासत में लिया जा चुका है.
जल जीवन मिशन को लेकर ACB की छापेमारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जिन लोगों को हिरासत में लिया गया है, उनमें केडी गुप्ता, निरिल कुमार, सुशील शर्मा, डीके गौड़, महेंद्र सोनी, विशाल सक्सेना, दिनेश गोयल, शुभांशु दीक्षित और अरुण श्रीवास्तव के नाम सामने आए हैं. सूत्रों का कहना है कि एसीबी की जांच लगाता जारी है. इस मामले में अभी और भी कई दूसरे बड़े अधिकारियों की गिरफ्तारियां की जा सकती है.
जल जीवन मिशन में घोटाले की जांच के लिए यह पूरी कार्रवाई ACB महानिदेशक गोविंद गुप्ता और अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में की जा रही है. मौके पर डीआईजी डॉ. रामेश्वर सिंह और एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ सुपरविजन कर रहे हैं. उल्लेखनीय है कि एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ जल जीवन मिशन जांच कमेटी की एसआईटी के अध्यक्ष भी हैं.
वित्तीय लेनदेन के रिकॉर्ड खंगालने में जुटे अधिकारी
ACB की टीमें विभिन्न स्थानों पर दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही हैं. जल जीवन मिशन के तहत हुए कार्यों में अनियमितताओं और कथित वित्तीय गड़बड़ियों की जांच लंबे समय से चल रही थी, जिसके बाद यह समन्वित कार्रवाई की गई है.
भिवाड़ी: बारूद में विस्फोट के बाद फैक्ट्री में हुआ था धमाका, 7 मजदूरों ने गंवाई थी अपनी जान



