यूपी विधानसभा का घेराव करने पहुंचे कांग्रेस नेता, मनरेगा समेत कई मुद्दों पर प्रदर्शन

लखनऊ में कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश विधानसभा का घेराव करते हुए मनरेगा सहित कई मुद्दों पर जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया. हालात तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग भी किया, जिसके बाद मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा.
इस दौरान कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि देश में NREGA केवल कानून नहीं बल्कि ग्रामीण रोजगार का सबसे बड़ा साधन रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह महात्मा गांधी के नाम को समाप्त किया गया, उससे सरकार की मंशा स्पष्ट होती है. उन्होंने कहा कि AICC पूरे देश में आंदोलन कर रही है और उसी क्रम में आज विधानसभा घेराव का आह्वान किया गया है, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए.
वहीं इस प्रदर्शन को लेकर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा आज ये जो बैरिकेडिंग और पुलिस का घेरा खड़ा किया गया है, ये हमारी आवाज दबाने की कोशिश है. लोकतंत्र में डराना-धमकाना और डंडे के जोर पर हुकूमत करना राज नहीं कहलाता. सरकारें प्यार और भरोसे से चलती हैं, न कि बुलडोजर और खौफ से.
उन्होंने कहा कि सनातन की गुरु-शिष्य परंपरा और हमारी आस्था को कोई सरकार या अदालत तय नहीं कर सकती, ये तो सदियों से चली आ रही रीत है. युवाओं को न नौकरी मिल रही है, न सही परीक्षा, बस हर जगह डर का माहौल है. लेकिन याद रहे, जब तक गांधी जी का आशीर्वाद और जनता का साथ हमारे साथ है, हम न रुकेंगे और न झुकेंगे. ये लड़ाई हक की है और हम इसे आखिरी दम तक लड़ेंगे!
उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा, “हजारों की संख्या में कार्यकर्ता यहां उपस्थित हैं. उनका जोश कह रहा है कि MGNREGA को बदलकर इस सरकार ने मजदूरों के साथ जो अन्याय किया है उसके लिए हमारा संघर्ष जारी रहेगा.”



