टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 में किन टीमों के खिलाफ खेलेगी टीम इंडिया, जानें पहला मैच किसके साथ

Team India Super 8 Schedule For ICC T20 World Cup 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज मुकाबलों में टीम इंडिया जीत की हैट्रिक लगाकर सुपर 8 में पहुंच चुकी है. भारत ने अपने तीसरे मुकाबले में पाकिस्तान को 61 रन से धूल चटाने के साथ ही टूर्नामेंट के अगले दौर में प्रवेश कर लिया था. हालांकि, अब तक टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 में सिर्फ 5 टीमें ही पहुंची हैं, लेकिन भारत के इस दौर के मुकाबलों के बारे में हम आपको पहले से बता रहे हैं. आईसीसी ने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही सुपर 8 के दो संभावित ग्रुप बना दिए थे. इसमें भारत के खिलाफ खेलने वाली टीमें लगभग वही हैं, जो फिलहाल टूर्नामेंट में आगे जाती दिख रही हैं.
पाकिस्तान को हराकर सुपर 8 में पहुंची भारत
भारत ने रविवार यानी 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान को ग्रुप ‘ए’ मुकाबले में हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 में आसानी से अपनी जगह बना ली है. सुपर 8 में आठ टीमें होंगी, जिन्हें दो ग्रुप में बांटा जाएगा, हर ग्रुप में चार टीमें होंगी. लगातार तीसरी जीत के साथ भारत ने ग्रुप 1 में अपनी जगह पक्की कर ली है, जबकि नीदरलैंड के खिलाफ अभी एक लीग मैच बाकी है.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 के ग्रुप 1 का हाल
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 के ग्रुप 1 में वेस्टइंडीज, साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया/जिम्बाब्वे शामिल होंगे. वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका ने अब तक अपने तीनों मैच जीतकर अगले दौर में जगह बना ली है, जबकि इस ग्रुप में अभी चौथी टीम का फैसला होना बाकी है. आईसीसी के द्वारा ग्रुप्स पहले से तय किए गए थे, यानी टीम चाहे टेबल में पहले या दूसरे स्थान पर रहे, वो पहले से तय ग्रुप में ही जाएगी. ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे दोनों ग्रुप ‘बी’ में हैं और क्वालीफाई करने की दौड़ में हैं, लेकिन ऑस्ट्रेलिया को श्रीलंका से मिली हार के बाद अगले दौर में जाना अब नामुमकिन लग रहा है. ऑस्ट्रेलिया ने एक मैच जीता और दो हारा है, जबकि जिम्बाब्वे ने अब तक दोनों मैच जीते हैं.
भारत का सुपर 8 का शेड्यूल और वेन्यू
- भारत बनाम साउथ अफ्रीका – 22 फरवरी – अहमदाबाद
- भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया/जिम्बाब्वे – 26 फरवरी – चेन्नई
- भारत बनाम वेस्टइंडीज – 1 मार्च – कोलकाता



