दिल्ली ट्रिपल मर्डर केस में गिरफ्तार आरोपी कमरुद्दीन का भांडाफोड़! तंत्र साधना के नाम पर करता था साजिश

दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में कार से तीन लाशें मिलने के सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर केस में आरोपी पाखंडी बाबा कमरुद्दीन को गिरफ्तार किया गया है. 8 फरवरी की घटना के बाद पुलिस जांच में तेजी आई और अब तक आरोपी ने खुद 8 हत्याओं की बात कबूल की है. मामला राजधानी दिल्ली के पीरागढ़ी और लोनी इलाके से जुड़ा है, जहां सीसीटीवी फुटेज ने कई अहम राज खोले हैं.
दिल्ली पुलिस ने कमरुद्दीन को 5 दिन की रिमांड पर लिया है. रिमांड के दौरान रोज नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है और आरोपी के बयानों की कड़ियां जोड़कर पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में कई सनसनीखेज दावे किए हैं. उसने अब तक 8 हत्याएं करने की बात स्वीकार की है, जिसकी सच्चाई को लेकर पुलिस अलग-अलग पहलुओं पर जांच कर रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है.
सीसीटीवी फुटेज से खुलासा
8 फरवरी के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं. पहले फुटेज में तीनों मृतक लोनी इलाके में सफेद टाटा टिगोर कार में आते हुए दिखाई दे रहे हैं. इसी कार में बाद में पीरागढ़ी इलाके में तीनों की लाश बरामद हुई थी. दूसरे सीसीटीवी फुटेज में तीनों मृतक लोनी में गाड़ी कमरुद्दीन के घर से कुछ दूरी पर खड़ी कर पैदल जाते हुए नजर आ रहे हैं. पुलिस इन फुटेज के आधार पर घटना से पहले और बाद की गतिविधियों की बारीकी से जांच कर रही है.
तंत्र साधना के नाम पर साजिश
जांच में यह भी सामने आया है कि कमरुद्दीन तंत्र साधना के नाम पर लड़कियों को बुलाता था. वह लड़कियों की हाइट, वजन, रंग और चेहरे को लेकर विशेष मांग करता था. पुलिस को उसके ठिकाने से ऐसी कई तस्वीरें मिली हैं जिनमें लड़कियां एक पर्चा पकड़े दिख रही हैं, जिसमें उनका नाम, वजन, लंबाई और रंग दर्ज है.
मृतक लक्ष्मी के फोन से भी इसी तरह की तस्वीरें बरामद हुई हैं. इसके अलावा आरोपी के ठिकाने से तंत्र साधना से जुड़ी किताबें भी मिली हैं. पुलिस अब इन सभी साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित तंत्र साधना के पीछे असली मकसद क्या था.



