दिल दहला देगा बाबा कमरुद्दीन का खौफनाक सच! जिन्न के नाम पर लड़कियों से ठगी, 8 हत्याओं का कबूलनामा

दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर केस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है वैसे-वैसे पाखंडी बाबा कमरुद्दीन के चौंकाने वाले राज सामने आ रहे हैं. पुलिस जांच में अब तक आरोपी ने 8 हत्याओं की बात कबूल की है, जिनमें से 6 मामलों के सबूत पुलिस को मिल चुके है जबकि बाकी दो मामलों में जांच जारी है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में बाबा को घटना वाली गाड़ी में देखा गया था. पुलिस को सूचना मिलने से करीब आधा घंटा पहले वो कार से निकलकर फरार हो गया था. जांच के दौरान पता चला कि लक्ष्मी नाम की महिला ने शिव नरेश को बाबा के घर की लोकेशन भेजी थी, जिसके आधार पर पुलिस रात में ही आरोपी तक पहुंच गई.
जब पुलिस टीम बाबा को पकड़ने पहुंची तो उसने घर का गेट खोलने से इनकार कर दिया और बहाना बनाया कि उसके बच्चे बीमार हैं लेकिन कुछ ही देर बाद वह 17 फीट ऊंची दीवार फांदकर भागने लगा. फिर पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया.
जांच में लक्ष्मी के फोन से कई लड़कियों की तस्वीरें मिलीं. जिनमें वे तंत्र-मंत्र और यंत्रों के साथ नजर आ रही थी. पुलिस को ऐसे कई पीड़ित मिले है जिन्होंने बाबा को इलाज और तंत्र-मंत्र के नाम पर बड़ी रकम दी थी. बताया जा रहा है कि आरोपी लड़कियों से कहता था कि उन पर जिन्न आएगा और उनसे संबंध बनाएगा. जिसके बाद धनवर्षा होगी, इसी झांसे में कई लोग उसके संपर्क में आए. पुलिस अब ऐसी लड़कियों और महिलाओं की भी तलाश कर रही है जो बाबा के संपर्क में थीं. पुलिस को लगता है कि बाबा ने लड़कियों के यौन शोषण भी किया होगा.
लड्डुओं में मिलाई जाती थीं सल्फास और नींद की गोलियां
पुलिस के मुताबिक फिरोजाबाद में भी कुछ और विक्टिम हो सकते है. जांच में ये भी सामने आया कि सल्फास और नींद की गोलियां लड्डुओं में मिलाई जाती थी और साथ में कोल्ड ड्रिंक दी जाती थी. ये खतरनाक कॉम्बिनेशन इतना घातक था कि पीड़ित गाड़ी से बाहर तक नहीं निकल पाए. पुलिस जांच में पता चला कि रणधीर, लक्ष्मी और शिव नरेश हत्या से एक दिन पहले भी बाबा के पास गए थे लेकिन उस दिन वे 2 लाख रुपये नहीं ले गए थे. इसी वजह से बाबा ने उन्हें वापस भेज दिया था और इसके बाद उसने पूरी साजिश रची.
बाबा के घर से पुलिस ने बरामद किया सिंदूर
पुलिस के मुताबिक पाखंडी कमरुद्दीन एक मीटिंग के लिए 7 हजार रुपये तक वसूलता था और उसके यहां हमेशा भीड़ लगी रहती थी. इलाज के नाम पर वो लोगों को धोखा देता था. एक मामले में उसने एक शख्स के पेट से किडनी स्टोन निकालने का दावा किया और खून दिखाया लेकिन बाद में पता चला कि वो खून नहीं बल्कि हाथों में लगाया गया सिंदूर था. पुलिस ने उसके घर से सिंदूर भी बरामद किया है.
पुलिस को बाबा की कई संपत्तियों की भी मिली जानकारी
शिव नरेश के पर्स से जिन्न बुलाने का एक मंत्र भी मिला है. पुलिस का कहना है कि जब बाबा तंत्र-मंत्र करता था तो लोगों के फोन फ्लाइट मोड पर करवा देता था ताकि कोई रिकॉर्डिंग न हो सके.जांच के दौरान बाबा की कई संपत्तियों की जानकारी भी मिली है. पुलिस अब उसे लोनी स्थित उसके घर लेकर जाएगी, जहां से कुछ और अहम रिकवरी होने की उम्मीद है. फिलहाल ये मामला सिर्फ ट्रिपल मर्डर तक सीमित नहीं दिख रहा. बल्कि तंत्र-मंत्र की आड़ में चल रहे एक बड़े ठगी और हत्या के नेटवर्क की तरफ इशारा कर रहा है. पुलिस की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते है.



